ऑपरेशन सिंदूर में चीन ने क्यों की थी पाकिस्तान की मदद? अमेरिकी रिपोर्ट में बड़ा दावा

0
3

अमेरिका की एक प्रमुख आयोग की वार्षिक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान को सैन्य सहायता उपलब्ध कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, बीजिंग की रणनीति भारत की सैन्य क्षमता और क्षेत्रीय बढ़त को प्रभावित करने की थी। अमेरिका-चीन इकोनॉमिक एंड सिक्योरिटी रिव्यू कमीशन ने अमेरिकी कांग्रेस को सौंपी अपनी सालाना रिपोर्ट में भारत और चीन के बीच बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा पर चिंता जताई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीन की ओर से सैन्य समर्थन मिला था। आयोग के अनुसार, यह कदम केवल पाकिस्तान की मदद तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके पीछे भारत की सैन्य बढ़त को रोकने की व्यापक रणनीति भी काम कर रही थी।

रिपोर्ट में चीन की ओर से सीमा पर सैन्य दबाव बढ़ाने और औद्योगिक आपूर्ति को प्रभावित करने जैसे कदमों का भी उल्लेख किया गया है। आयोग का मानना है कि चीन भारत की उस क्षमता को कमजोर करना चाहता है, जिसके जरिए नई दिल्ली लंबे समय तक बीजिंग की चुनौती का मुकाबला कर सकती है।

भारत की बढ़ती ताकत चीन के लिए चुनौती

रिपोर्ट में भारत को उन चुनिंदा देशों में शामिल बताया गया है, जो अमेरिका के गठबंधन ढांचे से बाहर रहते हुए भी चीन के साथ लंबे समय तक रणनीतिक मुकाबले को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। आयोग के मुताबिक, चीन इस स्थिति से परिचित है और वह अलग-अलग क्षेत्रों में भारत की प्रगति को सीमित करने की कोशिश कर रहा है। इसमें सैन्य गतिविधियों के साथ आर्थिक और औद्योगिक मोर्चे पर दबाव बनाने की रणनीति भी शामिल बताई गई है।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को मिला तकनीकी सहयोग

आयोग ने मई 2025 के सैन्य संघर्ष का हवाला देते हुए कहा कि चीन ने सीधे युद्ध में हिस्सा लिए बिना पाकिस्तान की सहायता करने का तरीका अपनाया। रिपोर्ट में चीन और पाकिस्तान के बीच मजबूत होते सैन्य संबंधों को भारत के लिए दो मोर्चों पर चुनौती की आशंका से जोड़ा गया है। इसमें चीनी इंजीनियर झांग हेंग के बयान का भी जिक्र किया गया है। उन्होंने चीन के सरकारी प्रसारक को बताया था कि वह उस टीम का हिस्सा थे, जिसने संघर्ष के दौरान पाकिस्तान वायुसेना को तकनीकी सहायता दी थी। यह सहायता चीन में बने J-10CE लड़ाकू विमानों से संबंधित थी। वहीं, भारतीय लेफ्टिनेंट जनरल राहुल सिंह पहले आरोप लगा चुके हैं कि चीन ने पाकिस्तान को भारतीय सैन्य तैनाती से जुड़ी वास्तविक समय की जानकारी उपलब्ध कराई थी।

LAC पर सैन्य और लॉजिस्टिक्स ढांचे का विस्तार

रिपोर्ट के अनुसार, चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी LAC के आसपास अपनी सैन्य पहुंच मजबूत करने के लिए लगातार बुनियादी ढांचा विकसित कर रहा है। इसमें हवाई पट्टियों, रेलवे संपर्क और रसद सुविधाओं का विस्तार शामिल है। ऐसे ढांचे से चीन को जरूरत पड़ने पर सीमा पर तेजी से सैनिक और सैन्य संसाधन पहुंचाने में मदद मिल सकती है। आयोग ने हिंद महासागर में चीन की नौसेना की बढ़ती मौजूदगी और उसकी खुफिया गतिविधियों को भी भारत की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है।

सीमा पर तनाव के बीच पूर्वी लद्दाख और अरुणाचल का जिक्र

भारत और चीन के बीच वर्ष 2024 में एक समझौता हुआ था, जिसके बाद पूर्वी लद्दाख में चार साल से चला आ रहा सैन्य गतिरोध समाप्त हुआ। हालांकि, रिपोर्ट में सीमा से जुड़े तनाव को पूरी तरह खत्म नहीं माना गया है। इसमें इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस के प्रमुख के पिछले महीने दिए गए बयान का उल्लेख है, जिसमें अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर कई स्थानों पर टकराव जारी रहने की बात कही गई थी।

औद्योगिक सामान की आपूर्ति रोकने का भी आरोप

आयोग ने अपनी रिपोर्ट में चीन पर जरूरी औद्योगिक सामग्री की आपूर्ति प्रभावित करने का आरोप लगाया है। इसके मुताबिक, चीन ने कुछ महत्वपूर्ण औद्योगिक इनपुट के निर्यात पर पाबंदियां लगाईं, इंजीनियरों को वापस बुलाया और उपकरणों की आपूर्ति रोक दी। रिपोर्ट का दावा है कि इन कदमों से भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र की रफ्तार प्रभावित हुई। इसमें बैटरी तकनीक से जुड़े चीनी निर्यात नियंत्रण और दवा उद्योग में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की कम कीमतों का भी जिक्र किया गया है।

अमेरिका से भारत के साथ सहयोग बढ़ाने की अपील

रिपोर्ट में भारत को चीन के विकल्प के रूप में एक महत्वपूर्ण विनिर्माण केंद्र बताया गया है। हालांकि, आयोग ने यह भी कहा कि भारतीय कारखाने अब भी कई चीनी मशीनों और कलपुर्जों पर निर्भर हैं। इसी वजह से अमेरिकी आयोग ने वाशिंगटन को भारत के साथ खुफिया जानकारी साझा करने, रक्षा तकनीक, समुद्री सुरक्षा और आपूर्ति श्रृंखला के क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने की सलाह दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here