भारत की संस्कृति और भाषाओं ने जीता पुतिन का दिल, तारीफ में कह दी बड़ी बात

0
2

नई दिल्ली: भारत में कदम-कदम पर भाषा बदल जाती है। कहीं हिंदी सुनाई देती है, कहीं तमिल, बंगाली, मराठी या कोई दूसरी भाषा। यहां हर इलाके की अपनी बोली, अपनी पहचान है। भारत की यही खासियत रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भी हैरान कर गई। उन्होंने भारतीय सभ्यता की तारीफ करते हुए यहां की भाषाई विविधता को ‘सिम्पली अमेजिंग’ यानी बेहद अद्भुत बताया।

सर्बियाई फिल्म निर्देशक एमिर कुस्टुरिका को दिए एक इंटरव्यू में पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई हालिया बातचीत का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि भारत की आबादी करीब 150 करोड़ है। इनमें लगभग 60 करोड़ लोग एक प्रमुख भाषा बोलते हैं, जबकि बाकी लोग अपनी-अपनी भाषाओं का इस्तेमाल करते हैं। पुतिन के मुताबिक, इतनी बड़ी आबादी के बीच भाषाओं की यह विविधता वाकई हैरान करने वाली है।

मोदी से बातचीत का किया जिक्र

पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी के साथ बातचीत के दौरान उन्हें भारत के बारे में कई नई बातें जानने को मिलीं। उन्होंने सिर्फ भारत की भाषाओं की बात नहीं की, बल्कि यहां की प्राचीन सभ्यता का भी जिक्र किया। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विविधता को खास बताया। पुतिन के मुताबिक, भारत में अलग-अलग भाषा, संस्कृति और परंपराओं के लोग एक साथ रहते हैं। यही बात भारत को दुनिया के बाकी देशों से अलग करती है। पीएम मोदी के साथ बातचीत ने उन्हें भारत को समझने का एक और नजरिया दिया।

रूसी सभ्यता की भी बताई खासियत

भारत की विविधता का जिक्र करते हुए पुतिन ने रूसी सभ्यता की खासियत भी बताई। उन्होंने कहा कि रूस में अलग-अलग समुदायों और जातीय समूहों को अपने धर्म, परंपराएं, भाषाएं और आध्यात्मिक पहचान बचाए रखने का मौका मिला है। पुतिन ने कहा कि रूसी सभ्यता ने कभी किसी को अपने अधीन नहीं किया। उनके मुताबिक, अलग-अलग समुदायों को अपनी पहचान के साथ रहने देना ही रूसी सभ्यता की खासियत है।

क्यों चर्चा में है पुतिन का बयान?

पुतिन का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत और रूस के बीच रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा और ऊर्जा जैसे कई मुद्दों पर बातचीत चल रही है। पुतिन ने भारत की तारीफ कर एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि वह भारतीय सभ्यता और संस्कृति को काफी सम्मान की नजर से देखते हैं। सोशल मीडिया पर भी पुतिन के इस बयान की खूब चर्चा हो रही है। लोग भारत की विविधता पर गर्व जता रहे हैं।

भारत की भाषाओं को लेकर पुतिन की यह टिप्पणी बताती है कि दुनिया के बड़े नेता भी भारत की इस खासियत को मानते हैं। 150 करोड़ की आबादी, सैकड़ों भाषाएं और हजारों बोलियां, फिर भी एकता की भावना। यही भारत की असली ताकत है, जिसे पुतिन ने भी ‘सिम्पली अमेजिंग’ कहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here