'अभी खत्म नहीं हुई लड़ाई, फ्लाईदुबई जैसे हमले फिर होंगे' अल-कायदा की खुली धमकी

0
5

नई दिल्ली: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर हुए हमले के बाद अब अल-कायदा से जुड़े एक प्रकाशन ने बड़ी धमकी दी है। संगठन के समर्थक साप्ताहिक मैगजीन ‘अल-बयान’ के नए अंक में अमेरिकी और इजरायली यात्रियों को ले जाने वाले विमानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। मैगजीन में 9/11 हमले का जिक्र करते हुए लिखा गया है, “जंग अभी खत्म नहीं हुई है। अमेरिका, इजरायल और इस्लाम के खिलाफ लड़ने वालों को लेकर विमान अभी भी आसमान में उड़ रहे हैं और उन्हें निशाना बनाया जा सकता है।” यह धमकी ऐसे समय में आई है जब दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में हुए अटैक की जांच चल रही है।

को-पायलट का अल-कायदा कनेक्शन

बता दें, यह पूरा मामला 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ 1073 से जुड़ा है। इस फ्लाइट के ओमानी नागरिक को-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छर पर क्रैश एक्स से हमला कर दिया था और विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की थी। जांच एजेंसियां अब अल-हमामी के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही हैं। जांच में उसके अकाउंट पर अल-कायदा के पूर्व चीफ ओसामा बिन लादेन और अयमान अल-जवाहिरी से जुड़े कई पोस्ट और वीडियो मिले हैं। कुछ पोस्ट में तो कॉकपिट के वीडियो भी हैं, जिसमें कैमरा एक नजदीकी इजरायली विमान की तरफ जूम होता दिख रहा है। इससे जांच का एंगल और गहरा हो गया है।

यात्रियों समेत विमान गिराना चाहता था हमलावर: नेतन्याहू 

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी इस हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हमलावर कट्टरपंथी इस्लामी विचारधारा से प्रभावित था और उसका मकसद विमान को 174 यात्रियों समेत गिराना था। इजरायली अधिकारियों ने भी माना है कि अल-हमामी चरमपंथी सोच के संपर्क में था। गौरतलब है कि भारतीय पायलट स्मित मच्छर की बहादुरी से ही उस दिन बड़ा हादसा टल गया था। घायल होने के बावजूद उन्होंने विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करा दिया था। अब अल-कायदा की इस नई धमकी के बाद दुनियाभर की एयरलाइंस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here