मिनियापोलिस की हाईराइज बिल्डिंग में गोलीबारी से दहशत, शूटर समेत 3 की मौत, 3 पुलिसकर्मी घायल

0
5
Minneapolis shooting Video
Gemini

नई दिल्ली: अमेरिका के मिनियापोलिस में बुधवार शाम एक ऊंची अपार्टमेंट बिल्डिंग अचानक गोलियों की आवाज से गूंज उठी. कुछ ही मिनटों में मौके पर पुलिस पहुंच गई, लेकिन हालात और बिगड़ गए. अधिकारियों ने ऊपर की मंजिल से दोबारा फायरिंग की आवाज सुनी. जब पुलिस वहां पहुंची तो दो लोगों की मौत हो चुकी थी और गोली चलाने वाला संदिग्ध भी मारा गया था. इस घटना में तीन पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं.

मामला मिनियापोलिस के सेंट्रल इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट बिल्डिंग का है. मिनियापोलिस पुलिस के सार्जेंट गैरेट पार्टेन ने बुधवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घायल तीन अधिकारियों में से दो को गोली लगी है. हेन्नेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर के मुताबिक, तीनों पुलिसकर्मियों की हालत फिलहाल स्थिर है. घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में कई पुलिसकर्मी एक ऊंची इमारत की ओर राइफल ताने नजर आए. यह बिल्डिंग मिनियापोलिस कन्वेंशन सेंटर के आसपास के इलाके में बताई गई है.

पुलिस को कैसे मिली गोलीबारी की सूचना

न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक, सार्जेंट पार्टेन ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4:30 बजे के बाद पुलिस को 911 के जरिए अपार्टमेंट बिल्डिंग में फायरिंग की जानकारी मिली. कॉल मिलने के लगभग तीन मिनट बाद ही पुलिस टीम इमारत के अंदर पहुंच गई. अंदर अधिकारियों को गोली लगने से घायल लोग मिले. इसी दौरान उन्हें ऊपर की मंजिल से फिर गोलियों की आवाज सुनाई दी. पुलिसकर्मी आवाज की दिशा में आगे बढ़े और ऊपरी मंजिल तक पहुंचे. 

पार्टेन के अनुसार, वहां धुंध जैसी स्थिति बनी हुई थी, जिसके कारण पुलिस को आसपास का इलाका साफ दिखाई नहीं दे रहा था. एक पुलिस अधिकारी के पैर में गोली लगी थी, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया. घायल हुए दोनों अन्य अधिकारियों को भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस के मुताबिक, एक अधिकारी की सर्जरी की जा रही थी. गोलीबारी में मारे गए दो लोगों में से एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई. अधिकारियों ने यह भी बताया कि संदिग्ध की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी थी.

चश्मदीद ने बताई पूरी घटना

एपी की रिपोर्ट के अनुसार, जूलियस बेली उस समय अपनी अपार्टमेंट बिल्डिंग के बाहर बैठे थे. अचानक उन्हें गोलियों की आवाज सुनाई दी. उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति को देखा, जिसे वह बिल्डिंग में रहने वाले के तौर पर पहचानते थे. उसके हाथ में पिस्तौल थी. बेली ने बताया कि उन्होंने एक महिला को चीखते सुना और खतरा भांपते ही वहां से भागने लगे. उनके मुताबिक, उन्होंने करीब आठ गोलियों की आवाज सुनी.

बेली का कहना था कि वह उस व्यक्ति को पहले से जानते थे और उसे अक्सर सार्वजनिक जगह पर बंदूक लहराते हुए देखा गया था. जून में बिल्डिंग में रहने आने के बाद से ही वह उससे दूरी बनाए हुए थे. उन्हें पहले से अंदेशा था कि यह व्यक्ति कभी बड़ी परेशानी खड़ी कर सकता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here