नई दिल्ली: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ा खिलाड़ियों का ट्रेड हुआ है। इस डील के तहत मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे, जबकि पंजाब के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को दोनों खिलाड़ियों की अदला-बदली पर आधिकारिक मुहर लगा दी। पिछले कुछ दिनों से इस ट्रेड को लेकर चर्चा चल रही थी, लेकिन अब इसकी पुष्टि हो गई है।
इस ट्रेड में दोनों खिलाड़ियों की रकम भी सामने आई है। मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में 16.35 करोड़ रुपये में शामिल किया था। अब पंजाब किंग्स उन्हें 18 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम का हिस्सा बनाएगी। वहीं, अर्शदीप सिंह को पंजाब ने नीलामी में 18 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब वह इसी कीमत पर मुंबई इंडियंस में शामिल होंगे।
हार्दिक पांड्या ने मुंबई के साथ जीते चार खिताब
हार्दिक पांड्या का मुंबई इंडियंस के साथ पुराना रिश्ता रहा है। उन्होंने साल 2015 में इस टीम के लिए आईपीएल में खेलना शुरू किया था। मुंबई के साथ रहते हुए उन्होंने खिलाड़ी के तौर पर चार खिताब जीते। इसके बाद 2022 से पहले वह गुजरात टाइटंस से जुड़ गए। वहां उन्हें कप्तानी मिली और टीम ने अपने पहले ही सीजन में आईपीएल ट्रॉफी जीत ली। आईपीएल 2024 से पहले हार्दिक की मुंबई में वापसी हुई, लेकिन इस बार उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई। हालांकि, उनकी अगुआई में मुंबई का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। तीन सीजन में टीम सिर्फ एक बार क्वालीफायर तक पहुंच सकी। अब पंजाब के साथ उनका नया सफर शुरू होने जा रहा है।
क्या पंजाब में हार्दिक को मिलेगी कप्तानी?
पंजाब किंग्स की कमान फिलहाल श्रेयस अय्यर के हाथों में है। उनकी कप्तानी में टीम ने आईपीएल 2025 का फाइनल खेला था। ऐसे में हार्दिक के आने के बाद भी कप्तानी में बदलाव की संभावना कम मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक अय्यर की कप्तानी में खेलने के लिए तैयार हैं।अर्शदीप सिंह ने 2019 में पंजाब किंग्स के साथ आईपीएल करियर शुरू किया था। आठ सीजन तक टीम का हिस्सा रहने के बाद अब वह मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे। इस दौरान उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और भारतीय टीम में भी जगह बनाई। अर्शदीप ने आईपीएल में 96 मैच खेलकर 111 विकेट लिए हैं। वह पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं।












