कट्टरपंथी विचारधारा से कनेक्शन? 9 महीने पहले मिली थी नौकरी, ओमानी पायलट को लेकर चौंकाने वाले खुलासे

0
5

नई दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई चाकूबाजी की घटना ने पूरी दुनिया को हिला दिया है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसे इस्लामिक कट्टरपंथ से जुड़ा मामला बताया है। उन्होंने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि हमला करने वाला ओमानी को-पायलट कट्टर मजहबी विचारधारा से प्रभावित था और उसे इस्लामी कट्टरपंथ की शिक्षा दी गई थी।

पीएम नेतन्याहू ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में पता चल जाएगा कि क्या को-पायलट के ईरान से कोई संबंध थे या नहीं। हालांकि अब तक हमलावर की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। घटना के 24 घंटे बाद भी सऊदी अरब और UAE ने को-पायलट को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है और दोनों देश चुप्पी साधे हुए हैं। हमलावर को सऊदी अरब में गिरफ्तार कर लिया गया है।

साथी पायलट ने बताया बेहद धार्मिक

इस बीच ओमानी पायलट को लेकर नई जानकारी सामने आई है। उसके एक साथी पायलट ने उसे “मजहबी चरमपंथी” बताया है। इजरायल के Ynet न्यूज के मुताबिक, इजरायल ने इस घटना को जिहादी आतंकी हमले की कोशिश करार दिया है और मोसाद और शिन बेट को जांच सौंपी है।

तेल अवीव के चैनल 16 के एडिटर योसेफ इजरायल ने बताया कि फ्लाईदुबई के एक पायलट ने कहा कि आरोपी दिन भर बहुत ज्यादा प्रार्थना करता था और महिलाओं से हाथ मिलाने से भी मना कर देता था। हालांकि सिर्फ धार्मिक होने से यह साबित नहीं होता कि उसने प्लेन क्रैश करने की कोशिश इसी वजह से की। असली मकसद जांच के बाद ही सामने आएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओमानी को-पायलट को एयरलाइन में नौकरी मिले सिर्फ नौ महीने ही हुए थे। ओमान के एक अधिकारी ने CBS न्यूज को बताया कि हमलावर ओमान में ही पैदा हुआ था और उसके पास वहीं की नागरिकता है।

कई देश मिलकर कर रहे हैं जांच

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सऊदी अरब, UAE, अमेरिका, ओमान और इजरायल मिलकर इस मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि आतंकवाद से लेकर मानसिक बीमारी तक, सभी एंगल पर जांच हो रही है और अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इजरायल की पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के डायरेक्टर हेलिट बारेल ने कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर घटना है। यह 9/11 जैसा हमला हो सकता था, लेकिन बहादुर क्रू और संयोग से टल गया।

वहीं घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को बेहतर इलाज के लिए सऊदी अरब के तबुक से अबू धाबी एयरलिफ्ट किया जा रहा है। उनकी हालत स्थिर है और भारतीय दूतावास उनके परिवार के संपर्क में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here