नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के ट्रैफिक से जूझ रहे लाखों लोगों के लिए आज का दिन राहत भरा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बारापूला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। करीब 10 साल की देरी के बाद यह प्रोजेक्ट तैयार हुआ है। यह 3.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 को सराय काले खां से जोड़ता है। यमुना पर बना यह दिल्ली का 10वां पुल है। बाढ़ वाले इलाके में पर्यावरण को नुकसान से बचाने के लिए इसमें 125 मीटर लंबे पिलर स्पैन का इस्तेमाल हुआ है। फेज-1 और फेज-2 से जुड़ने के बाद मयूर विहार से एम्स और आईएनए तक करीब 9 किलोमीटर का बिना सिग्नल वाला रास्ता चालू हो जाएगा।
सफर होगा तेज
अभी मयूर विहार से एम्स या सफदरजंग पहुंचने में 45 से 60 मिनट लगते हैं। नए कॉरिडोर से यह सफर 15 से 20 मिनट में पूरा होगा। रिंग रोड, आईटीओ, आश्रम चौक और भैरों मार्ग पर दबाव घटेगा। जाम कम होने से ईंधन बचेगा और प्रदूषण भी कम होगा। कॉरिडोर में साइकिल और पैदल चलने वालों के लिए अलग ट्रैक भी बनाया गया है।
नोएडा और गाजियाबाद को फायदा
नोएडा के सेक्टर 14-15, 18 और चिल्ला बॉर्डर से आने वालों को आश्रम या सराय काले खां की लाल बत्तियों पर रुकना नहीं पड़ेगा। वे मयूर विहार फेज-1 से इस फ्लाईओवर पर चढ़कर करीब 15 मिनट में एम्स और सफदरजंग पहुंच सकेंगे। इंदिरापुरम, वैशाली और वसुंधरा के लोग भी मयूर विहार से सीधे कॉरिडोर पकड़ सकेंगे और रिंग रोड की भीड़ से बच जाएंगे।
किन रास्तों से जुड़ेगा
सराय काले खां के पास यह डीएनडी फ्लाईवे से जुड़ता है, जिससे नोएडा से साउथ दिल्ली और एयरपोर्ट जाना आसान होगा। मयूर विहार के पास यह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से मिलता है, जिससे गाजियाबाद और हापुड़ की ओर से आने वालों को सीधा रास्ता मिलेगा। यह रिंग रोड और मथुरा रोड से भी जुड़ेगा, जिससे फरीदाबाद और बदरपुर के वाहनों को विकल्प मिलेगा। इसके पास आईएसबीटी, निजामुद्दीन स्टेशन और रैपिड रेल स्टेशन हैं, इसलिए यह इलाका बड़ा ट्रांसपोर्ट हब बनेगा।
मुकरबा चौक अंडरपास भी खुलेगा
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के मुताबिक शाह मुकरबा चौक अंडरपास का भी उद्घाटन करेंगे। इसके साथ मोदी मिल से कालकाजी और सावित्री सिनेमा हाफ फ्लाईओवर की नींव रखी जाएगी। यह प्रोजेक्ट 2014 में मंजूर हुआ था, लेकिन पर्यावरण मंजूरी में देरी से इसकी लागत बढ़कर 1,635 करोड़ रुपये हो गई।












