कारोबारी शिवा हत्याकांड में मॉडल श्रद्धा दुबे को बड़ा झटका; कोर्ट ने खारिज की जमानत अर्जी

0
5

लखनऊ: लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा शुक्ला, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को कोर्ट से राहत नहीं मिली है। प्रभारी सीजेएम आलोक वर्मा ने तीनों की जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने साफ कहा कि मामला बेहद गंभीर है और इसकी सुनवाई सत्र न्यायालय में होगी, इसलिए जमानत देने का कोई आधार नहीं है। श्रद्धा के वकील ने सीजेएम कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी लगाई थी।

10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

इससे पहले हजरतगंज पुलिस ने गुरुवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मंगलवार को नागपुर के बेतालवाड़ी इलाके में एक फ्लैट से तीनों को गिरफ्तार किया था। गुरुवार सुबह पौने 10 बजे पुलिस टीम उन्हें हजरतगंज कोतवाली लेकर आई। डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय के सर्विलांस दफ्तर में करीब साढ़े छह घंटे तक पूछताछ चली। शाम को कड़ी सुरक्षा के बीच सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच कराई गई और फिर प्रभारी सीजेएम बलवंत भारती की कोर्ट में पेश किया गया।

जेल में तलाशी के दौरान किया ऐतराज

रात करीब साढ़े आठ बजे श्रद्धा दुबे, बहन रश्मि दुबे और चालक तनवीर अली उर्फ दानिश को जिला जेल में दाखिल किया गया। जेल के मुख्य गेट पर नाम दर्ज करने के बाद अधिकारियों की मौजूदगी में तीनों की तलाशी ली गई। बताया जा रहा है कि तलाशी के दौरान श्रद्धा ने आपत्ति जताई, लेकिन महिला स्टाफ ने नियमानुसार तलाशी पूरी की। इसके बाद जेल डॉक्टरों ने मेडिकल परीक्षण किया और उनका व्यक्तिगत व पारिवारिक ब्योरा दर्ज किया गया। जेल में श्रद्धा और रश्मि को महिला बैरक के क्वारंटाइन वार्ड में अन्य कैदियों से अलग रखा गया है, जबकि दानिश को पुरुष बैरक में रखा गया है।

क्या है पूरा मामला

बता दें, कि 9 अक्टूबर की रात बालू अड्डा के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर चिकन कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा अलीगंज कपूरथला के रहने वाले थे और करीब एक साल से श्रद्धा के साथ लिव-इन में रह रहे थे। शिवा की मां रंजना ने आरोप लगाया था कि श्रद्धा बेटे को झूठे मुकदमे में फंसा रही थी, सिगरेट से जलाती थी और माफिया से धमकी दिलवाती थी। इस शिकायत पर हजरतगंज में हत्या का केस दर्ज हुआ था और घटना के बाद से तीनों फरार थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here