राजस्थान से मथुरा आ रहा 25 क्विंटल संदिग्ध पनीर पकड़ा, मौके पर कराया नष्ट

0
5

मथुरा: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने देर रात राजस्थान से मथुरा आ रही बोलेरो पिकअप से 25 क्विंटल संदिग्ध पनीर बरामद किया। खाद्य विभाग ने पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध और अस्वच्छ पाए जाने पर उसके दो नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। वहीं, जनहित में करीब पांच लाख पांच हजार रुपये कीमत के पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

आधी रात को एनएच-19 पर रोकी गई पिकअप

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ और जिलाधिकारी मथुरा के आदेश पर सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे कार्रवाई की। टीम ने खाद्य सचलदल और पुलिस बल के साथ राजस्थान के कामां क्षेत्र से आ रही बोलेरो पिकअप (यूपी 85 सीटी 4449) को बठैन गेट पुलिस चौकी के पास एनएच-19 पर रोककर जांच की। यह क्षेत्र थाना कोसीकलां और तहसील छाता के अंतर्गत आता है।

कामां की डेयरी से बिक्री के लिए लाया जा रहा था पनीर

वाहन चालक सलीम पुत्र इस्माइल ने टीम को बताया कि पिकअप में राजस्थान के कामां स्थित पनीर निर्माण डेयरी से बिक्री के लिए करीब 2500 किलोग्राम पनीर लाया जा रहा है। इसकी अनुमानित कीमत पांच लाख पांच हजार रुपये बताई गई। जांच के दौरान कारोबारी की ओर से पनीर की खरीद और बिक्री से संबंधित कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके अलावा पनीर की गुणवत्ता को लेकर भी संदेह जताया गया।

दो नमूने जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर के दो नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए। वहीं, पनीर को अस्वच्छकर, दूषित और संदिग्ध मानते हुए जनहित में तत्काल नष्ट करा दिया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित कारोबारी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश भारती, धर्मेंद्र सिंह और जितेंद्र सिंह मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here