नई दिल्ली: फोल्डेबल स्मार्टफोन के बाजार में जल्द ही एक नया मुकाबला देखने को मिल सकता है। ऐपल के पहले फोल्डेबल फोन iPhone Duo को टक्कर देने के लिए मोटोरोला अपना नया डिवाइस Motorola Razr Flex पेश करने की तैयारी में है। इस फोन को लेकर पिछले कुछ समय से कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। अब कंपनी की ऑस्ट्रेलियाई सपोर्ट वेबसाइट पर सामने आई जानकारी से इसके लॉन्च में देरी के संकेत मिले हैं। माना जा रहा है कि यह फोन अब 2026 के बजाय 2027 में बाजार में दस्तक दे सकता है।
दरअसल, मोटोरोला की ऑस्ट्रेलियाई वेबसाइट पर Motorola Razr Flex 2027 के नाम से एक सपोर्ट पेज दिखाई दिया है। इससे फोन की संभावित लॉन्च टाइमलाइन का अंदाजा लगाया जा रहा है। इससे पहले आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि कंपनी इसे दिसंबर 2026 के मध्य में पेश कर सकती है। हालांकि, मोटोरोला ने अभी तक लॉन्च की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
डिजाइन होगा फोन का सबसे बड़ा आकर्षण
Motorola Razr Flex में कंपनी बिल्कुल अलग डिजाइन दे सकती है। लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मौजूदा बुक-स्टाइल फोल्डेबल फोन की तुलना में ज्यादा छोटा और चौड़ा हो सकता है। इसका डिजाइन ऐपल के iPhone Duo और Samsung Galaxy Z Fold 8 जैसा रहने की उम्मीद है। खास बात यह है कि मोटोरोला ने 9 सितंबर को एक टीजर वीडियो जारी किया था। इसी दिन ऐपल ने भी अपने पहले फोल्डेबल फोन iPhone Duo को पेश किया था। मोटोरोला के टीजर में एक नए फोल्डेबल डिवाइस की झलक दिखाई गई थी, जिसके बाद से इसके डिजाइन को लेकर चर्चा बढ़ गई।
मिल सकते हैं ये दमदार फीचर्स
लीक्स के अनुसार, इस फोन में 6.92 इंच की इनर OLED डिस्प्ले दी जा सकती है, जो 165Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगी। वहीं, फोन के बाहर 4.97 इंच की कवर स्क्रीन मिलने की संभावना है। कैमरा सेटअप की बात करें तो इसमें पीछे की तरफ 50 मेगापिक्सल के दो कैमरे दिए जा सकते हैं। बेहतर परफॉर्मेंस के लिए Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा फोन में 12GB रैम और 5,000mAh की बैटरी दी जा सकती है। यह डिवाइस Android 17 पर काम कर सकता है।
1.60 लाख रुपये हो सकती है कीमत
कीमत को लेकर भी एक जानकारी सामने आई है। यूरोप के एक ऑनलाइन रिटेलर की लिस्टिंग में फोन के 12GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 1,510.90 यूरो यानी करीब 1.60 लाख रुपये बताई गई थी। हालांकि, इसी लिस्टिंग में फोन के डिजाइन से जुड़ी जानकारी भी गलत पाई गई थी। ऐसे में इसकी कीमत को अंतिम नहीं माना जा सकता। कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही इसके फीचर्स, कीमत और लॉन्च से जुड़ी तस्वीर साफ होगी।












