भोपाल: मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. बता दें, जिले के टोंककला गांव स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक हुए भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई, जिसमें तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोगों के गंभीर रूप से झुलसने की खबर सामने आई है. धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.
घटनास्थल पर पहुंचा दमकल विभाग
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, विस्फोट के तुरंत बाद फैक्ट्री में आग तेजी से फैलने लगी. अंदर काम कर रहे कई मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया. आग और धुएं के बीच फंसे श्रमिकों को बचाने के लिए स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया.
घायलों का इलाज शुरू
हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से देवास जिला अस्पताल पहुंचाया गया. इस दौरान डॉक्टरों ने घायलों का इलाज शुरू किया, लेकिन कई लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया. अब तक सात गंभीर घायलों को इंदौर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है.
ग्रामीणों ने की मदद
धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री की दीवारें तक क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास का इलाका धुएं से भर गया. वहीं कई मजदूर आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए. ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर घायलों को बाहर निकाला और प्रशासन को सूचना दी.
कार्रवाई के आदेश
घटना की जानकारी मिलते ही ADG उज्जैन राकेश गुप्ता, संभागायुक्त आशीष सिंह, DIG, कलेक्टर और एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. फिलहाल पुलिस ने फैक्ट्री परिसर को घेर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. प्रशासन अब यह भी जांच कर रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
















