नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में रविवार को एक फैक्टरी में अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। नांगली सकरावती स्थित श्मशान घाट वाला रोड पर फैक्टरी में उठती आग की लपटों और धुएं ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन विभाग ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। दमकल विभाग के अनुसार 8 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:21 से 4:22 बजे के बीच आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। शुरुआती चरण में दो वाटर टेंडर, दो वाटर बाउजर और एक त्वरित प्रतिक्रिया वाहन (क्यूआरवी) को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर एसटीओ राजेंद्र और एसओ गोपाल ने मोर्चा संभाला।
आग को मेजर-4 घोषित, अतिरिक्त इकाइयां तैनात
आग की गंभीरता को देखते हुए शाम 4:40 बजे एसटीओ गोपाल लाल ने इसे मेजर-4 घोषित किया। इसके बाद दमकल संसाधनों में बढ़ोतरी करते हुए तीन वाटर टेंडर, चार वाटर बाउजर और एक मोबाइल पंप सहित अतिरिक्त इकाइयां तैनात की गईं। अभियान की निगरानी एडीओ यशवंत मीणा ने संभाली। आग की भयावहता को देखते हुए शाम 5:25 से 5:26 बजे के बीच एडीओ यशवंत मीणा ने इसे मध्यम श्रेणी की आग (मीडियम फायर) घोषित किया। इसके बाद दमकल विभाग ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। कुल 22 दमकल इकाइयों को अभियान में लगाया गया। इनमें आठ वाटर टेंडर, आठ वाटर बाउजर, दो मोबाइल पंप, एक हाइड्रोलिक टेंडर, एक इंसिडेंट रिस्पांस टीम, एक ब्रीदिंग सेट और एक फायर कमांड कंट्रोल इकाई शामिल रही।
अभियान की कमान डीसीएफओ मुखर्जी के हाथों में
पूरे अभियान की कमान डीसीएफओ डी.बी. मुखर्जी के निर्देशन में संभाली गई। वहीं डीओ संदीप दुग्गल, डीओ राजेंद्र अटवाल, एडीओ आर.के. सिन्हा, एडीओ यशवंत, एडीओ आर.के. यादव और एडीओ अमन कुमार ने अग्निशमन अभियान में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। नजफगढ़ की इस घटना में दमकल विभाग की 22 इकाइयों की तैनाती ने आग पर नियंत्रण पाने के लिए बड़े स्तर पर चलाए गए अभियान की तस्वीर पेश की। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान के संबंध में आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।












