ASEAN समिट में कुर्ता-जैकेट छोड़ फिलीपींस की पारंपरिक ड्रेस में दिखे पीएम मोदी, जानें कितनी है कीमत

0
7

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पहनावे को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। कुर्ता-पायजामा और जैकेट में नजर आने वाले पीएम मोदी इस बार बिल्कुल अलग अंदाज में दिखे। फिलीपींस की राजधानी मनीला में ASEAN समिट के गाला डिनर में वह वहां की पारंपरिक पोशाक बारोंग टैगलॉग पहनकर पहुंचे। उनका यह लुक फैशन के साथ मेजबान देश की संस्कृति को सम्मान देने की वजह से भी चर्चा में रहा। 16 नवंबर को फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने विश्व नेताओं और खास मेहमानों के लिए गाला डिनर रखा था। इस मौके पर पीएम मोदी ने भारतीय पारंपरिक कपड़ों के बजाय फिलीपींस की राष्ट्रीय औपचारिक पोशाक चुनी।

पीएम मोदी ने कॉलर वाली बटन-डाउन शर्ट पहनी थी, जिस पर फूलों और घुमावदार आकृतियों की बारीक कढ़ाई थी। कपड़े के रंग से मिलती-जुलती एम्ब्रॉयडरी ने इसे एलिगेंट लुक दिया। उन्होंने गोल्डन टोन का ब्रोच और हरे रंग की डिटेलिंग वाला गुलाब के आकार का लैपल पिन भी लगाया था।

क्या होती है बारोंग टैगलॉग?

बारोंग टैगलॉग फिलीपींस की पारंपरिक पुरुष पोशाक है। इसे वहां राष्ट्रीय ड्रेस और फॉर्मल वियर के रूप में पहचाना जाता है। आमतौर पर लोग इसे शादी, समारोह और खास आयोजनों में पहनते हैं। इसका कपड़ा हल्का और थोड़ा पारदर्शी होता है। इसे पैंट के अंदर डालने के बजाय बाहर पहनने का चलन है। यही अंदाज इसे आम शर्ट से अलग बनाता है।

इस पोशाक के लिए पिना और जुसी जैसे फैब्रिक इस्तेमाल किए जाते हैं। पिना को इसका खास पारंपरिक कपड़ा माना जाता है। इसे अनानास के पत्तों से निकाले गए रेशों को प्रोसेस करके तैयार किया जाता है। इनसे महीन और हल्का कपड़ा बनता है। वहीं, जुसी फैब्रिक सिल्क जैसा मुलायम और हल्का होता है। इसकी फिनिशिंग और कढ़ाई इसे खास औपचारिक लुक देती है।

कितनी होती है बारोंग टैगलॉग की कीमत?

इस ड्रेस की कीमत फैब्रिक, डिजाइन और कढ़ाई पर निर्भर करती है। फिलीपींस में सामान्य बारोंग टैगलॉग की कीमत करीब 2,000 से 5,000 पेसो हो सकती है। भारतीय मुद्रा में यह लगभग 3,000 से 7,400 रुपये है। बेहतर कपड़े और खास कढ़ाई वाले प्रीमियम आउटफिट 10,000 से 22,000 पेसो या इससे अधिक में मिल सकते हैं। भारतीय रुपये में यह करीब 14,700 से 32,400 रुपये बैठता है। हालांकि, पीएम मोदी ने जो ड्रेस पहनी थी, उसकी कीमत और डिजाइनर के बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। इस पोशाक की पहचान इसकी कढ़ाई से भी है। इस पर फूलों, पत्तियों, ज्योमेट्रिक पैटर्न और प्रकृति से जुड़े डिजाइन बनाए जाते हैं। प्रीमियम ड्रेस पर हाथ से कढ़ाई की जाती है, जिसमें कई महीने लग सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here