रतिया: शहर में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पुराने एवं जर्जर बास्केटबॉल ग्राउंड के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया बास्केटबॉल ग्राउंड बनाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में रतिया बास्केटबॉल टीम, खिलाड़ियों एवं शहरवासियों की ओर से हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी को मांग पत्र सौंपा गया है।
वर्तमान ग्राउंड की जर्जर हालत
मांग पत्र में बताया गया कि राजकीय सीनियर सेकेंडरी बॉयज स्कूल के प्रांगण में स्थित वर्तमान बास्केटबॉल ग्राउंड की हालत काफी दयनीय एवं जर्जर हो चुकी है। रतिया के युवा खिलाड़ी प्रतिदिन सुबह-शाम यहां अभ्यास करने आते हैं, लेकिन पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री से रखी गई प्रमुख मांगें
मांग पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री जी से निम्नलिखित मांगें रखी गईं पुराने एवं जर्जर बास्केटबॉल ग्राउंड के स्थान पर नया आधुनिक बास्केटबॉल ग्राउंड बनाया जाए, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल सतह एवं आधुनिक बास्केटबॉल पोल लगाए जाएं,खिलाड़ियों के लिए फ्लड लाइट, बैठने की व्यवस्था, पेयजल एवं चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, लड़के एवं लड़कियों के लिए नियमित कोचिंग तथा प्रशिक्षित कोच की व्यवस्था की जाए, रतिया के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जिला एवं राज्य स्तर पर आगे बढ़ने के लिए विशेष खेल सुविधाएं प्रदान की जाएं।
खेल सुविधाओं से नशामुक्त अभियान को मजबूती
इस अवसर पर शर्मा चंद लाली ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सबसे सशक्त माध्यम भी हैं। यदि रतिया में आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं तो सैकड़ों युवा खेलों से जुड़ेंगे और रतिया को नशामुक्त बनाने के अभियान को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री से मुलाकात और सकारात्मक आश्वासन
उन्होंने आगे बताया कि हरियाणवी संस्कृति एवं परंपरा के प्रतीक राम-रमी पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी से शिष्टाचार मुलाकात के दौरान उन्हें राम-रमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा रतिया में आधुनिक बास्केटबॉल ग्राउंड बनाने की मांग भी उनके समक्ष रखी गई।मुख्यमंत्री जी ने खिलाड़ियों की इस मांग पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए रतिया में नया बास्केटबॉल ग्राउंड बनवाने का आश्वासन दिया।
खेल प्रतिभाओं के लिए सुविधाओं की जरूरत
सरदार गुरचरण सिंह खोखर, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा फतेहाबाद ने कहा कि रतिया में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल बेहतर खेल मैदान, प्रशिक्षित कोच और आधुनिक सुविधाओं की है। सरकार से आग्रह है कि युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस मांग को प्राथमिकता दी जाए।
उपस्थित लोगों का आग्रह
इस अवसर पर सरदार गुरचरण सिंह खोखर, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा फतेहाबाद, विज्ञान सागर बाघला, तरुण कुमार, रतिया बास्केटबॉल टीम के खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं शहरवासी उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री जी से आग्रह किया कि खिलाड़ियों के भविष्य और शहर के युवाओं के हित में रतिया में जल्द से जल्द आधुनिक बास्केटबॉल ग्राउंड का निर्माण करवाया जाए।












