पटना: बिहार के बाढ़ इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने उत्तर प्रदेश में तैनात SSB कमांडेंट राणा प्रिंस सिंह के घर में घुसकर बड़ी डकैती को अंजाम दिया है। वारदात एनटीपीसी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में शुक्रवार देर रात हुई। बदमाशों ने घर में अकेली रह रही कमांडेंट की मां तनुजा देवी को बंधक बना लिया और करीब दो घंटे तक घर में लूटपाट करते रहे।
कैसे दिया घटना को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11 बजे पांच हथियारबंद बदमाश घर में दाखिल हुए। अचानक घर में लोगों को देखकर तनुजा देवी ने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद हथियार दिखाकर उन्हें एक जगह बैठा दिया गया और धमकी दी गई कि अगर उन्होंने किसी को बुलाने की कोशिश की तो गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा।
आभूषण, नकदी समेत क्या-क्या लेकर हुए फरार
इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारी खंगालनी शुरू कर दी। उन्होंने सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और दूसरे कीमती सामान को बैग में भरा और वहां से फरार हो गए। परिजनों का दावा है कि डकैत करीब एक करोड़ रुपये के गहने और अन्य सामान लेकर गए हैं। हालांकि, लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत पुलिस की जांच और सत्यापन के बाद ही स्पष्ट होगी।
कमांडेंट राणा प्रिंस सिंह फिलहाल उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में SSB कमांडेंट के पद पर तैनात हैं। उनके परिवार के मुताबिक, उनकी मां गांव में अकेली रहती थी। घटना के दौरान बदमाश करीब दो घंटे तक घर में मौजूद रहे, लेकिन आसपास रहने वाले लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। शनिवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो उन्हें घटना का पता चला। तनुजा देवी घायल अवस्था में मिली, जिन्हें इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी हालत देखते हुए पटना रेफर कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद एनटीपीसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। FSL और डॉग स्क्वायड की टीम ने भी घटनास्थल से सुराग जुटाए। परिवार ने आशंका जताई है कि वारदात में गांव के कुछ लोगों की भूमिका हो सकती है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार की ओर से अभी लिखित शिकायत नहीं दी गई है।












