स्वराज्य के शेर की गौरवगाथा अब बड़े पर्दे पर, ऋषभ शेट्टी बनेंगे छत्रपति शिवाजी महाराज

0
5

नई दिल्ली: इतिहास के पन्नों में जब-जब वीरता, अदम्य साहस, रणनीतिक कौशल और स्वाभिमान की मिसाल दी जाएगी, छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। अब इसी महान योद्धा की शौर्यगाथा को बड़े पर्दे पर भव्य और प्रभावशाली अंदाज में उतारने की तैयारी है। भारतीय सिनेमा में एक बड़ी ऐतिहासिक फिल्म के रूप में ‘द प्राइड ऑफ भारत – छत्रपति शिवाजी महाराज’ का निर्माण किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए टी-सीरीज के भूषण कुमार, निर्देशक संदीप सिंह और अभिनेता ऋषभ शेट्टी एक साथ आए हैं।

दो भागों में बनने वाली यह ऐतिहासिक महागाथा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष, विजय, दूरदर्शिता और स्वराज्य के संकल्प को केंद्र में रखेगी। फिल्म में ऋषभ शेट्टी छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका में नजर आएंगे। अपनी दमदार अभिनय क्षमता और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस के लिए पहचाने जाने वाले ऋषभ शेट्टी से इस ऐतिहासिक किरदार को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

सदी पुरानी पेंटिंग से किया सम्मान, विरासत के प्रति दिखाई श्रद्धा

इस फिल्म के सहयोग की घोषणा के खास अवसर पर निर्माता भूषण कुमार ने ऋषभ शेट्टी को छत्रपति शिवाजी महाराज की लगभग सौ वर्ष पुरानी पेंटिंग भेंट की। यह केवल एक उपहार नहीं बल्कि उस महान व्यक्तित्व के प्रति सम्मान और उनकी गौरवशाली विरासत को सिनेमा के माध्यम से दुनिया तक पहुंचाने के संकल्प का प्रतीक है। इस भावपूर्ण पहल ने फिल्म की घोषणा को और भी खास बना दिया।

युद्धभूमि से स्वराज्य के सपने तक, दिखेगा इतिहास का विराट स्वरूप

फिल्म की कहानी केवल युद्धों और विजयगाथाओं तक सीमित नहीं रहेगी। इसमें शिवाजी महाराज के जीवन की निर्णायक लड़ाइयों, असाधारण बलिदानों, ऐतिहासिक विजयों और उनके जीवन से जुड़े कई ऐसे अनछुए अध्यायों को भी सामने लाने की योजना है, जिनसे नई पीढ़ी को परिचित कराया जाएगा। उनकी अद्भुत युद्धनीति, दुश्मनों की चाल को समझने की क्षमता, कूटनीतिक दूरदर्शिता, निर्भीक नेतृत्व और स्वराज्य की स्थापना के लिए किए गए संघर्ष को बड़े सिनेमाई कैनवास पर प्रस्तुत किया जाएगा। फिल्म का उद्देश्य उस विचारधारा और आत्मसम्मान की भावना को सामने लाना है, जिसने इतिहास की दिशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस परियोजना में भारत और विदेशों के कलाकारों तथा तकनीकी विशेषज्ञों की बड़ी टीम काम करेगी। निर्माताओं की योजना इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिनेमाई अनुभव बनाने की है, ताकि भारतीय इतिहास के इस गौरवशाली अध्याय को देश ही नहीं, दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाया जा सके।

भूषण कुमार बोले यह सिर्फ फिल्म नहीं, महान विरासत को नमन है

निर्माता भूषण कुमार ने कहा कि महाराष्ट्र और छत्रपति शिवाजी महाराज ने देश को ऐसी गौरवशाली विरासत दी है, जिस पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए। इस विरासत का सम्मान करना और इसे सिनेमा के माध्यम से पूरी दुनिया तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जब संदीप सिंह ने उन्हें इस फिल्म की कहानी सुनाई, तो उन्हें महसूस हुआ कि इस असाधारण गाथा को बड़े पर्दे पर लाना एक बड़ी जिम्मेदारी है। ऋषभ शेट्टी की प्रभावशाली अभिनय क्षमता और महान ऐतिहासिक व्यक्तित्वों को पर्दे पर जीवंत करने की उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें विश्वास है कि यह टीम स्वराज्य के साहस, दूरदृष्टि और भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि टी-सीरीज के लिए यह महज एक फिल्म नहीं, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज की कालजयी विरासत को समर्पित श्रद्धांजलि है।

2027 में शुरू होगी शूटिंग, तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार

फिलहाल फिल्म का प्री-प्रोडक्शन जारी है और इसकी शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू होने की योजना है। दो भागों में तैयार होने वाली इस विशाल ऐतिहासिक परियोजना को लेकर निर्माण टीम व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है। फिल्म की पटकथा ऋषि विरमानी और संदीप सिंह ने लिखी है। गौरतलब है कि ‘द प्राइड ऑफ भारत छत्रपति शिवाजी महाराज’ का उद्देश्य केवल इतिहास को दोहराना नहीं, बल्कि स्वराज्य, साहस, आत्मसम्मान और राष्ट्रनिष्ठा के उन आदर्शों को फिर से जीवंत करना है, जो सदियों बाद भी लोगों को प्रेरित करते हैं।

इस फिल्म का निर्माण , गुलशन कुमार और टी-सीरीज फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण टी-सीरीज फिल्म्स और लीजेंड स्टूडियोज के बैनर तले हो रहा है। फिल्म का निर्देशन संदीप सिंह करेंगे। निर्माता भूषण कुमार और कृष्ण कुमार हैं, जबकि ऋषभ शेट्टी, शिव चानना और कबीर सदानंद सह-निर्माता हैं। इसकी कहानी और पटकथा ऋषि विरमानी तथा संदीप सिंह ने लिखी है।

Reported by- Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here