दिल्ली से सामने आई दिल दहला देने वाली वारदात, छोटे भाई पर अपनी ही बहन का किया क़त्ल

0
13
Honour killing in Delhi
Honour killing in Delhi

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गौतमपुरी इलाके में एक और महिला की हत्या से सनसनी फैल गई. इलाके में हाल ही में हुई एक महिला की हत्या की जांच अभी जारी ही थी कि शुक्रवार रात एक और वारदात सामने आ गई. इस बार 32 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसके ही छोटे भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

शुक्रवार रात पुलिस को मिली सूचना 

पुलिस के मुताबिक, मृतका वसीमा अपने पति के साथ गौतमपुरी में रहती थी, जबकि उसका मायका जाफराबाद क्षेत्र में है. परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ का रहने वाला है. शुक्रवार रात करीब 8:21 बजे न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि गौतमपुरी की गली नंबर-17 में एक महिला को गोली मार दी गई है. पुलिस मौके पर पहुंची तो वसीमा गंभीर रूप से घायल मिली. जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिवार की इच्छा के खिलाफ किया प्रेम विवाह 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वसीमा ने परिवार की इच्छा के खिलाफ प्रेम विवाह किया था. बताया जा रहा है कि वह पहले भी एक बार घर छोड़कर गई थी और बाद में वापस लौट आई थी. इसके बाद उसने दोबारा घर छोड़कर इरशाद नाम के युवक से शादी कर ली. पुलिस सूत्रों का कहना है कि इसी बात से उसका 19 वर्षीय भाई मोहम्मद अनस नाराज था और उसने हत्या की योजना बनाई.

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मेरठ से अवैध देसी पिस्तौल और कारतूस लेकर दिल्ली आया था. पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद वह फरार होने की कोशिश कर रहा था. हालांकि घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया और तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्तौल और छह कारतूस बरामद किए गए. पूछताछ में उसने अपनी बहन की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली.

बहू की हत्या मामले में मिली सफलता 

उधर, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बहू की हत्या के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. वर्ष 2018 से फरार चल रही आरोपी सास कंचन और उसके बेटे जतिन को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों के खिलाफ स्वरूप नगर थाने में मामला दर्ज था.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए कंचन ने अपनी मौत की झूठी खबर फैला दी थी, जबकि जतिन नाम बदलकर देहरादून में रह रहा था. वहीं, कंचन हरियाणा के यमुनानगर में छिपी हुई थी. दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद वे कभी अपने दिल्ली स्थित घर वापस नहीं लौटे. अब पुलिस दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here