लखनऊ: आठ दिन बीत चुके हैं, लेकिन लखनऊ के चर्चित व्यापारी शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। इनपुट के मुताबिक वह नेपाल में छिपी है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रही है। पुलिस हर बार उसके करीब पहुंचने की कोशिश करती है, लेकिन हाथ खाली रह जाते हैं।
बताया जा रहा है कि श्रद्धा नेपाल में रोज अपना शहर और ठिकाना बदल रही है। पुलिस को उसकी लोकेशन मिलने से करीब चार घंटे पहले ही वह वहां से निकल जाती है। इस वजह से जांच टीम के लिए उसे पकड़ना बड़ी चुनौती बन गया है। सूत्रों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सीमा और मोबाइल सेवा प्रदाताओं से जानकारी मिलने में होने वाली देरी का फायदा भी उसे मिल रहा है। यही देरी पुलिस के लिए रुकावट बनती जा रही है और आरोपी को भागने का समय दे रही है।
चार मोबाइल नंबरों से ट्रैकिंग
श्रद्धा की तलाश के लिए पुलिस चार मोबाइल नंबरों के जरिए निगरानी कर रही है। इनमें भारत के तीन नंबर और नेपाल का एक नंबर शामिल है। इन नंबरों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर पुलिस उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। लेकिन नेपाल में बार-बार लोकेशन बदलने के कारण अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
वीडियो जारी कर सोशल मीडिया से हुई गायब
इस पूरे मामले के बीच श्रद्धा ने दो दिन पहले एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी थी। इसके बाद से उसने सोशल मीडिया से दूरी बना ली है। बताया जा रहा है कि उसने यह बयान सीधे अपने अकाउंट से जारी करने के बजाय एक करीबी के अकाउंट के जरिए वायरल कराया था। माना जा रहा है कि इसका मकसद अपनी लोकेशन का सुराग न देना हो सकता है, हालांकि इस बारे में पुलिस ने कुछ नहीं कहा है।
श्रद्धा की बहन रश्मि दुबे भी घटना के आठ दिन बाद तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। दोनों के फरार रहने से जांच को आगे बढ़ाने में दिक्कत आ रही है। फिलहाल पुलिस मोबाइल नंबरों से मिलने वाले इनपुट और दूसरे सुरागों के आधार पर दोनों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अभी इस मामले में श्रद्धा की गिरफ्तारी और हत्याकांड से जुड़े दूसरे तथ्यों को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। जो बातें सामने आई हैं, वे इनपुट पर आधारित हैं।











