नई दिल्ली: दिल्ली की दमघोंटू हवा को लेकर दिवाली के पटाखों पर छिड़ी बहस के बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने मोर्चा खोल दिया है। सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने राजनीतिक दलों को पत्र लिखकर पटाखों को प्रदूषण का अकेला जिम्मेदार ठहराने की मानसिकता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्रदूषण के नाम पर पटाखा कारोबारियों की रोजी-रोटी पर ताला लगाना समाधान नहीं है।
पटाखे नहीं जले, फिर भी AQI 400 तक कैसे पहुंचा?
गोयल ने सवाल उठाया कि जब 5, 6 और 7 नवंबर को पटाखे नहीं जले थे तब भी दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 350 से 400 के बीच कैसे पहुंच गया? आखिर उस प्रदूषण की जिम्मेदारी किसकी थी? उन्होंने कहा कि अक्टूबर से जनवरी के बीच प्रदूषण बढ़ने के पीछे पराली, वाहनों और अन्य स्रोतों की भूमिका की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
पटाखा कारोबार से जुड़े 10 लाख परिवार
सीटीआई के मुताबिक पटाखा कारोबार से देशभर में करीब 10 लाख परिवार जुड़े हैं। छोटे दुकानदार सालभर पूंजी लगाकर दिवाली के कुछ दिनों में कमाई करते हैं। अचानक प्रतिबंध से उनका निवेश और रोजगार प्रभावित होता है।
ग्रीन पटाखों और त्योहारों की परंपरा का समर्थन
गोयल ने ग्रीन पटाखों, निर्धारित समय और सीमित आतिशबाजी का समर्थन करते हुए कहा कि बच्चों की खुशियां और त्योहारों की परंपराएं भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सवाल किया कि पर्यावरण संबंधी प्रतिबंधों का बोझ हमेशा हिंदू त्योहारों पर ही क्यों दिखाई देता है? कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।
प्रदूषण के सभी स्रोतों पर कार्रवाई की मांग
उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि पटाखे पूरी तरह बंद करा दिए जाएं तो क्या कोई गारंटी देगा कि जनवरी तक दिल्ली का एक्यूआई 300 से नीचे रहेगा? सीटीआई की मांग है कि पराली, वाहनों और अन्य प्रदूषण स्रोतों पर वैज्ञानिक तरीके से कार्रवाई हो। साफ हवा भी मिले, व्यापार भी बचे और त्योहारों की खुशियां भी बरकरार रहें।












