नई दिल्ली: Instagram पर Reels देखना लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। लेकिन कई बार मोबाइल की छोटी स्क्रीन पर वीडियो देखने के बजाय उन्हें टीवी की बड़ी स्क्रीन पर देखने का मन करता है। अब Meta इस अनुभव को और बेहतर बनाने की तैयारी में है। कंपनी भारत में Instagram for TV फीचर लॉन्च करने जा रही है। इसकी मदद से यूजर्स अपने पसंदीदा Reels और Stories को सीधे टीवी पर देख सकेंगे। इतना ही नहीं, परिवार के दूसरे सदस्य भी एक साथ बैठकर अपनी पसंद का कंटेंट देख पाएंगे।
Meta ने 27 नवंबर को मुंबई में आयोजित अपने सालाना क्रिएटर इवेंट ‘House of Instagram’ में इस नए फीचर की घोषणा की। कंपनी के मुताबिक, Instagram for TV आने वाले कुछ दिनों में भारत में उपलब्ध होगा। यह फीचर Apple TV, Amazon Fire TV और Google TV के सपोर्टेड डिवाइस पर काम करेगा। यूजर्स को अपने टीवी पर Instagram ऐप इंस्टॉल करके अकाउंट से लॉगिन करना होगा।
एक टीवी पर जोड़ सकेंगे 5 Instagram अकाउंट
इस फीचर की खास बात यह है कि एक ही टीवी पर अधिकतम पांच Instagram अकाउंट जोड़े जा सकेंगे। इससे घर के अलग-अलग सदस्य अपनी पसंद के वीडियो और क्रिएटर्स का कंटेंट देख सकेंगे। अगर कोई यूजर अपने निजी Instagram अकाउंट को टीवी से कनेक्ट नहीं करना चाहता, तो वह केवल टीवी पर इस्तेमाल के लिए अलग अकाउंट भी बना सकता है।
रिमोट से देख सकेंगे Reels, अपने आप चलेंगे वीडियो
Instagram for TV में Reels देखने का अनुभव मोबाइल से थोड़ा अलग होगा। यहां वीडियो अपने आप एक के बाद एक चलते रहेंगे। यानी हर नया वीडियो देखने के लिए बार-बार स्क्रीन स्क्रॉल करने की जरूरत नहीं होगी। यूजर्स टीवी के रिमोट की मदद से वीडियो को कंट्रोल कर सकेंगे। इसके अलावा Instagram अलग-अलग चैनल भी उपलब्ध कराएगा। इनमें यूजर्स की पसंद, लोकप्रिय कंटेंट और उनके फॉलो किए जाने वाले अकाउंट के आधार पर Reels दिखाई जाएंगी।
अगर आपको मोबाइल पर कोई Reel पसंद आती है, तो उसे सीधे टीवी पर भी देख सकेंगे। इसके लिए आपका स्मार्टफोन और टीवी एक ही Wi-Fi नेटवर्क से कनेक्ट होना चाहिए। इसके बाद Instagram के कास्ट ऑप्शन को चुनकर पसंदीदा Reel टीवी पर भेजी जा सकेगी। हालांकि, यह सुविधा डिवाइस और फीचर के रोलआउट के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।
बच्चों की सुरक्षा के लिए भी होंगे खास इंतजाम
Meta ने Instagram for TV में बच्चों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा है। कंपनी के मुताबिक, टीवी पर दिखने वाली Reels के लिए 13+ Content Ratings सिस्टम लागू होगा। इसके अलावा Teen Accounts पर मोबाइल ऐप में मिलने वाले सुरक्षा नियम भी लागू रहेंगे। टीवी पर Instagram देखने का समय भी Teen Account की कुल स्क्रीन टाइम लिमिट में जोड़ा जाएगा। स्क्रीन टाइम लिमिट पूरी होने या उसके करीब पहुंचने पर बच्चों को रिमाइंडर भी मिल सकते हैं।
कब और किन डिवाइस पर मिलेगा फीचर?
Meta के अनुसार, भारत में Instagram for TV का रोलआउट आने वाले कुछ दिनों में शुरू होगा। यह सुविधा Apple TV, Amazon Fire TV, Google TV प्लेटफॉर्म के सपोर्टेड डिवाइस पर उपलब्ध होगी। फिलहाल कंपनी ने भारत में इसकी सटीक लॉन्च तारीख की घोषणा नहीं की है।












