ढाका में फिर भड़की हिंसा, देशव्यापी हड़ताल के बीच गारमेंट मजदूरों का प्रदर्शन, 2 घायल

0
7

नई दिल्ली: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में लगातार तनाव बढ़ता जा रहा है। हिंसा की घटनाएं बार-बार हो रही हैं। 10 नवंबर यानी मंगलवार को भी छात्र संगठनों ने देशव्यापी हड़ताल के बीच हिंसक घटनाएं जारी रहीं। साथ ही न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन फिर शुरू हो गए। इस हंगामे के दौरान पुलिस के साथ झड़प में दो गारमेंट कर्मचारी घायल हो गए। स्थिति को काबू में लाने के लिए अधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं।

8 नवंबर को 10 इलाकों में 15 से 20 घटनाएं

इससे पहले 8 नवंबर को शहर के कई हिस्सों में हुए धमाकों और आगजनी की घटनाओं से आम जनता में दहशत फैल गई। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अख्तर हुसैन के अनुसार, रविवार 8 नवंबर की शाम से लेकर उसके बाद के समय तक राजधानी के करीब 10 प्रमुख इलाकों में 15 से 20 गंभीर घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें मुख्य रूप से देसी बम फेंकना और सार्वजनिक व निजी वाहनों में आग लगाना शामिल था।

कई दिनों के अंतराल के बाद फिर से शुरू हुए इन विरोध प्रदर्शनों के दौरान देश के औद्योगिक क्षेत्रों की विभिन्न फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों ने काम करना बंद कर दिया। वे सुबह अपनी शिफ्ट के लिए तो आए, लेकिन अपनी मांगों का हवाला देते हुए काम करने से इनकार कर दिया।

आंसू गैस और साउंड ग्रेनेड छोड़े गए

‘द डेली स्टार’ के अनुसार, ढाका से करीब 17 किलोमीटर दूर स्थित अशुलिया औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों ने बाइपैल-अब्दुल्लापुर सड़क को जाम कर दिया। शुरुआत में पुलिस ने उन्हें सड़क खाली करने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले और साउंड ग्रेनेड छोड़े। इस घटना के दौरान दो मजदूर घायल हो गए।

BCL ने बुलाई थी देशव्यापी हड़ताल

बांग्लादेश छात्र लीग (BCL) जो वर्तमान में प्रतिबंधित संगठन है, उससे जुड़े समूहों ने 10 नवंबर को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। इस हड़ताल से पहले राजधानी ढाका सहित कई इलाकों में आगजनी, देसी बम विस्फोट और तनाव बढ़ने की घटनाएं सामने आईं, जिसके चलते प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। यह हड़ताल BCL द्वारा शुरू की गई है, जो पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की छात्र शाखा है। संगठन के अध्यक्ष सद्दाम हुसैन और महासचिव शेख वली आसिफ इनन ने एक संयुक्त बयान में शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों, अदालतों और सार्वजनिक परिवहन को बंद रखने की अपील की थी।

ढाका विश्वविद्यालय बना हिंसा का केंद्र

हिंसा की इस लहर का सबसे ज्यादा असर प्रतिष्ठित ढाका विश्वविद्यालय परिसर में देखने को मिला, जहां एक ही रात में कम से कम छह अलग-अलग जगहों पर देसी बम धमाके हुए। ये धमाके नीलखेत चौराहे, विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार, सीनेट भवन के सामने, इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न लैंग्वेजेज के पास, मेट्रो स्टेशन के निकट TSC के पास और सूफिया कमाल हॉल के बाहर हुए। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने मौके से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया।

पैसों का लालच देकर कराए गए हमले?

बांग्लादेश पुलिस को शक है कि अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों का इन सुनियोजित हमलों के पीछे हाथ हो सकता है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती दौर में है। डीसीपी अख्तर हुसैन ने बताया कि शुरुआती जांच से ऐसे मजबूत संकेत मिले हैं कि कुछ उपद्रवी तत्वों और बाहरी लोगों को इन हमलों को अंजाम देने के लिए पैसों का लालच दिया गया था। वहीं, अवामी लीग ने पुलिस के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

हसीना की वापसी की अटकलों से बढ़ा तनाव

हिंसा में यह हालिया बढ़ोतरी एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़ी है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के वकीलों ने हाल ही में भारत में उनकी ओर से नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) के लिए औपचारिक आवेदन जमा किए हैं। साथ ही, ऐसी प्रबल संभावना जताई जा रही है कि शेख हसीना इस साल दिसंबर में बांग्लादेश लौट सकती हैं। उनके वापस लौटने की खबर ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है, जिससे विरोधी गुटों और समर्थकों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here