नई दिल्ली: किसी के लिए हवाई सफर रोजमर्रा की बात हो सकती है, लेकिन कई परिवारों के लिए पहली बार विमान में बैठना जिंदगी भर याद रहने वाला पल होता है. राजस्थान के खेमू सैनी ने अपने माता-पिता और बहन को पहली बार फ्लाइट में बैठाकर ऐसा ही एक सपना पूरा किया. इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग खेमू की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
इंस्टाग्राम पर tijara_vines01 अकाउंट से शेयर किए गए वीडियो में खेमू के माता-पिता राजस्थानी पारंपरिक पोशाक में दिखाई दे रहे हैं. विमान में सवार होने से पहले खेमू ने उनसे इस सफर को लेकर बातचीत की. माता-पिता ने मुस्कुराते हुए बताया कि हवाई जहाज में उड़ना उनका लंबे समय से सपना रहा है. इसके बाद वीडियो में परिवार को विमान के अंदर बैठे और सफर का आनंद लेते देखा जा सकता है. माता-पिता और बहन के चेहरे की खुशी इस खास मौके को और भी भावुक बना देती है. वीडियो देखने वाले लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक हवाई यात्रा नहीं, बल्कि माता-पिता के लिए बेटे की मेहनत से पूरा हुआ सपना है.
कभी 6-7 हजार रुपये थी महीने की कमाई
खेमू सैनी ने अपनी जिंदगी के संघर्ष के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था जब उनकी महीने की कमाई सिर्फ 6 से 7 हजार रुपये हुआ करती थी. इतनी कम आमदनी में घर का खर्च संभालना आसान नहीं था. खेमू के मुताबिक, लगातार मेहनत, संघर्ष और लोगों के मिले प्यार ने उन्हें आगे बढ़ने का मौका दिया. उन्होंने कहा कि इंसान अगर लगातार मेहनत करता रहे तो हालात एक दिन जरूर बदल सकते हैं. अपने माता-पिता को विमान में बैठाना उनके लिए इसी मेहनत की बड़ी उपलब्धि है.
वीडियो पर खूब प्यार लुटा रहे यूजर्स
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने खेमू और उनके परिवार को बधाई दी. कई यूजर्स ने इसे माता-पिता के लिए बेटे की सबसे खूबसूरत सौगात बताया. एक यूजर ने इसे असली कामयाबी बताया, जबकि दूसरे ने लिखा कि माता-पिता को गर्व महसूस कराना जिंदगी की सबसे अनमोल उपलब्धियों में से एक है. वीडियो ने दिखाया कि सफलता का असली सुख तब और बढ़ जाता है, जब उससे अपने माता-पिता का सपना पूरा किया जा सके.












