नई दिल्ली: देश के कुछ हिस्सो में अभी भी मानसून जारी है. इसी बीच मौसम विभाग ने कुछ ऐसे आकड़े शेयर किए हैं, जिसे देखकर हर कोई सोचने पर मजबुर हो गया है. दरअसल भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि अगस्त के महीने में सामान्य से कम बारिश हुई है, जबकि तापमान ने नया रिकॉर्ड बना लिया है. इसके अलावा मानसून के आखिरी महीने यानी सितंबर को लेकर भी IMD ने अपना अनुमान जारी कर दिया है.
अगस्त में सामान्य से कम हुई बारिश
IMD के अनुसार, अगस्त में देशभर में सामान्य 190.7 मिमी बारिश के मुकाबले करीब 139.1 मिमी वर्षा दर्ज हुई. यानी महीने में बारिश सामान्य से 16.3 फीसदी कम रही. क्षेत्रीय स्तर पर दक्षिण भारत में बारिश की कमी सबसे ज्यादा रही। यहां सामान्य से करीब 27 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई.
मानसून के शुरुआती तीन महीनों में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे रहा है. इस दौरान देश में सामान्य 556.2 मिमी के मुकाबले करीब 421.6 मिमी बारिश हुई, जो लगभग 13.8 फीसदी कम है.
अगस्त में तापमान ने बनाया रिकॉर्ड
बारिश की कमी के बीच अगस्त गर्मी के मामले में भी असामान्य रहा. IMD के मुताबिक, अगस्त का औसत तापमान 28.01 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.67 डिग्री अधिक है. 1901 के बाद अगस्त में दर्ज की गई यह सबसे बड़ी तापमान बढ़ोतरी बताई गई है. रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहा. महीने का औसत न्यूनतम तापमान 24.36 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.68 डिग्री ज्यादा है.
सितंबर में कैसी होगी बारिश?
अब सबकी नजर सितंबर पर है, क्योंकि यह मानसून का आखिरी महीना होता है. IMD के अनुसार, सितंबर में देशभर में सामान्य बारिश के करीब 91 फीसदी वर्षा होने का अनुमान है. सितंबर की सामान्य बारिश 167.9 मिमी मानी जाती है.
हालांकि, देश के कुछ हिस्सों में सामान्य या सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है. उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, पूर्व, पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों के कुछ इलाकों में बेहतर बारिश की संभावना जताई गई है.
सितंबर में भी गर्मी से राहत कम
साथ ही मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि सितंबर में देश के ज्यादातर हिस्सों में औसत तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है. यानी मानसून के आखिरी महीने में बारिश के साथ गर्मी भी लोगों को परेशान कर सकती है.












