Punjab: सियासी हलकों में हड़कंप मचाने वाले एक चर्चित मामला सामने आया है। जहां पर एक महिला ने कथित तौर पर खुद को PCS अधिकारी बताकर मार्केट कमेटी सरहिंद के चेयरमैन और आप नेता एडवोकेट अमरिंदर सिंह मंडोफल से शादी कर ली। जिला पुलिस ने अब धोखाधड़ी के आरोपों के तहत उस महिला, उसके भाई, मां और तीन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत के अनुसार मनविंदर कौर ने मंडोफल से शादी से पहले और शादी के समय कथित तौर पर खुद को एक PCS अधिकारी के रूप में पेश किया था। इस शादी में कई सीनियर आप नेताओं और मंत्रियों ने शिरकत की थी, जिससे यह मामला खास तौर पर अहम बन गया।
शादी के बाद पता चली सच्चाई
मंडोफल को शादी के बाद कथित तौर पर पता लगा कि उक्त महिला कोई PCS अधिकारी नहीं है और उसका पहले भी विवाह हो चुका है तथा उसका एक पुत्र भी है। उसकी पहचान और पृष्ठभूमि के बारे में अहम तथ्यों को छुपाने का आरोप लगाते हुए उसने एसएसपी के पास पहुंचकर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज करवाई। आरोपों की जांच के बाद जिला पुलिस ने धोखाधड़ी और संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत मनविंदर कौर, उसके भाई, मां और तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
सियासी गलियारों में चर्चा तेज
इस मामले ने सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। खासकर इसलिए भी क्योंकि शादी में कई सीनियर आप नेताओं और मंत्रियों की मौजूदगी ने इसे और भी चर्चित बना दिया है। अब सभी की नजरें पुलिस की अगली जांच पर टिकी हुई हैं, जिससे इस पूरे मामले के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।












