नई दिल्ली: इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केयरटेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि देश की मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए राष्ट्रीय एकता सरकार ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार में उन सभी दलों को शामिल होना चाहिए, जो इजराइल को यहूदी लोगों का राष्ट्र मानेत हैं।
सोशल मीडिया पर रखा पक्ष
नेतन्याहू ने अपने सोशल मीडियो पोस्ट में साफ कहा कि किसी भी सूरक में सरकार बने, उनकी पार्टी हरेदी सहयोगियों के साथ मिलकर काम करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आपसी सहमति से टोरा का अध्ययन करने वालों की स्थिति को कानून के तहत मान्यता दी जाएगी। नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय में आया है, जह एक दिन पहले लिकुड और गादी आइजनकोट की याशर पार्टी के प्रतिनिधियों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत हुई थी। हालांकि, इस बैठक में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया।
सैन्य भर्ती बना सबसे बड़ा पेंच
सरकार बनाने का जनादेश मिलने के बाद आइजनकोट हरेदी पार्टियों के साथ भी गठबंधन की बातचीन कर रहे हैं, लेकिन सैन्य भर्ती का मुद्दा अभी भी सबसे बड़ी रुकावट बना हुआ है। हरेदी समुदाय के युवाओं को सेना में भर्ती को लेकर मतभेद गहराए हुए हैं, जिस वजह से बातचीत आगे नहीं बढ़ पा रही है।
किसी को नहीं मिला बहुमत
इजरायल में 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। नेतन्याहू के दक्षिणपंथी और धार्मिक गठबंधन को 120 सदस्यीय नेसेट में 53 सीटें मिलीं, जबकि आइजनकोट के चार दलों वाले गठबंधन को 48 सीटें मिलीं। अरब नेतृत्व वाली पार्टियों ने 19 सीटें हासिल कीं। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने पिछले हफ्ते आइजनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। उनके समर्थन में अरब नेतृत्व वाली पार्टियों समेत 67 सांसदों ने समर्थन दिया था, जबकि 46 सांसदों ने नेतन्याहू के पक्ष में समर्थन जताया था।
आइजनकोट के पास 28 दिन का समय
आइजनकोट के पास सरकार बनाने के लिए 28 दिन का समय है। जरूरत पड़ने पर उन्हें 14 दिन का अतिरिक्त समय भी मिल सकता है। हालांकि, उन्होंने अपनी सरकार में अरब नेतृत्व वाली पार्टियों को शामिल नहीं करने की बात कही है। ऐसे में इजरायल में सरकार गठन की तस्वीर अभी साफ नहीं है। नेतन्याहू राष्ट्रीय एकता सरकार पर जोर दे रहे हैं, तो वहीं आइजनकोट अपने समीकरण साधने में जुटे हैं। आने वाले दिनों में गठबंधन की बातचीत ही तय करेगी कि इजरायल में अगली सरकार किसकी बनेगी।










