मथुरा:फर्जी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारी बनकर जिले में रौब गांठने वाले सचिन शर्मा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब थाना रिफाइनरी के सामने स्थित जेवी सिनेमा के मालिक की शिकायत पर उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि सचिन ने ईडी अधिकारी होने का रौब दिखाकर कई महीने तक सिनेमा में मुफ्त फिल्में देखीं और रेस्टोरेंट में बिना भुगतान किए खाना खाया। इतना ही नहीं, दीपावली पर उपहार के नाम पर वह एलईडी टीवी भी ले गया। जब सिनेमा प्रबंधन ने रुपये मांगे तो उसने सिनेमा बंद कराने और मालिक व मैनेजर को जेल भिजवाने की धमकी दी।
अगस्त से नवंबर तक मुफ्त में उठाता रहा सुविधाओं का लाभ
सिनेमा मैनेजर देवेंद्र कुमार निवासी गांव बाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सचिन शर्मा अगस्त से नवंबर 2026 तक खुद को ईडी अधिकारी बताकर सिनेमा और रेस्टोरेंट की सुविधाओं का मुफ्त में लाभ उठाता रहा। इस दौरान उसका एक साथी भी साथ रहता था। आरोप है कि वह लगातार बड़े-बड़े शौक पूरे करता रहा, लेकिन कभी भुगतान नहीं किया। दीपावली पर उसने उपहार के नाम पर एलईडी टीवी भी ले लिया। जब प्रबंधन ने बकाया रुपये मांगे तो कथित ईडी अधिकारी का रौब दिखाते हुए सिनेमा बंद कराने और मालिक व मैनेजर को जेल भिजवाने की धमकी देने लगा। रिफाइनरी थाना प्रभारी अनुराग चौधरी ने बताया कि सिनेमा प्रबंधन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
सीओ कार्यालय में खुली फर्जी ईडी अधिकारी की पोल
गौरतलब है कि फरह के दीनदयाल धाम स्थित नगला बर का रहने वाला सचिन शर्मा करीब दो वर्ष से खुद को ईडी अधिकारी बताकर जिले के अधिकारियों और अन्य लोगों पर रौब जमा रहा था। नौ नवंबर की दोपहर वह सीओ रिफाइनरी कार्यालय पहुंचा था। वहां सीओ को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ तो उन्होंने उससे ईडी अधिकारी होने का प्रमाण मांगा। इस पर वह सकपका गया। लखनऊ स्थित ईडी मुख्यालय से उसके फर्जी अधिकारी होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसे कार समेत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सचिन ने अपने पिता सुरेश शर्मा की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी थी। पुलिस के अनुसार, उसके पिता के बैंक खाते में दो लोगों से ठगी के 32 लाख रुपये मिलने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने पिता-पुत्र दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पहले से दर्ज थे दो मुकदमे, अब तीसरी शिकायत ने बढ़ाई मुश्किलें
सचिन के खिलाफ इससे पहले भी दो मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। बाद चौकी प्रभारी विक्रांत तोमर ने फर्जी ईडी अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं, दूसरा मुकदमा रिफाइनरी क्षेत्र के गोपालपुरा रांची बांगर निवासी पूनम देवी ने दर्ज कराया था। पूनम देवी का आरोप था कि ठगी की शिकायत करने पर सचिन और उसके पिता ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। अब जेवी सिनेमा प्रबंधन की शिकायत पर तीसरा मामला दर्ज होने से फर्जी ईडी अधिकारी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।










