रतिया:नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर रतिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 9600 नशीली गोलियां बरामदगी के मामले में मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निशान सिंह पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी गांव दनौली, असंध के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई कर पकड़ा था आरोपी
थाना सदर रतिया प्रभारी निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि 9 अक्टूबर 2026 को पुलिस चौकी महमड़ा प्रभारी एएसआई ज्योति प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव बादलगढ़ में रविदास धर्मशाला के पास कार्रवाई की थी। इस दौरान पुलिस ने खजान सिंह पुत्र फौजा सिंह, निवासी गांव महमड़ा को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बैग में रखी 6000 ट्रामाडोल और 3600 अल्प्राजोलम सहित कुल 9600 नशीली गोलियां बरामद की थीं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ था मामला
इस संबंध में थाना सदर रतिया में मुकदमा नंबर 218, दिनांक 09.10.2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22सी, 27ए, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने बरामद नशीली गोलियों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू की।
जांच में सामने आया मुख्य सप्लायर का नाम
मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने नशीली गोलियों की सप्लाई से जुड़े मुख्य आरोपी निशान सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। मामले की गहनता से जांच जारी है।












