मथुरा: जिले से होकर गुजरने वाली भूमिगत तेल पाइपलाइनों में सेंध लगाकर तेल चोरी करने वाले गिरोहों की अब खैर नहीं है। पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने और तेल चोरी जैसे संगठित अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। तेल पाइपलाइनों की सुरक्षा को लेकर मंगलवार को एसएसपी श्लोक कुमार की अध्यक्षता में पुलिस और तेल कंपनियों के अधिकारियों की जिला स्तरीय समन्वय बैठक हुई। इसमें पाइपलाइनों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ आपसी समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया।
तेल कंपनियों संग बैठक, सुरक्षा पर बनी सहमति
बैठक में हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के अधिकारियों ने भूमिगत पाइपलाइनों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि तेल चोरी अथवा पाइपलाइन को क्षति पहुंचाने की किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसी घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। पुलिस और तेल कंपनियों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए भी सहमति बनी।
19 करोड़ की संपत्ति कुर्क करने की हुई सराहना
इस दौरान इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के उत्तरी क्षेत्र पाइपलाइंस के मुख्य महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख शरद अग्रवाल ने सितंबर 2023 में सामने आए एसएमपीएल पाइपलाइन तेल चोरी प्रकरण में मथुरा पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी की करीब 19 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। उन्होंने इसे संगठित तेल चोरी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का उदाहरण बताते हुए कहा कि मथुरा पुलिस की यह कार्रवाई देशभर में ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए मिसाल बन सकती है।
एसएसपी समेत चार पुलिस अधिकारी सम्मानित
उल्लेखनीय कार्रवाई के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की ओर से एसएसपी श्लोक कुमार समेत चार पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी और फरह थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष एवं वर्तमान में जैंत थाना प्रभारी निरीक्षक छोटे लाल शामिल रहे। तेल कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से पाइपलाइन सुरक्षा मजबूत होगी और तेल चोरी में शामिल संगठित गिरोहों को कड़ा संदेश मिलेगा। बैठक में बीपी पोद्दार, प्रवीण कुमार, टीएम शिवकुमार, पुष्प राज पटेल, नितिन अग्रवाल, योगेंद्र शर्मा, अंकुर चौहान और विपिन यादव समेत विभिन्न तेल कंपनियों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।












