झारखंड: हैवान बना पिता! 6 महीने के मासूम को फर्श पर पटका, तड़पकर तोड़ा दम

0
6
Hazaribagh Crime, Jharkhand Crime, Father Son Case
Gemini

रांची: झारखंड के हजारीबाग जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां घरेलू विवाद के दौरान एक पिता पर अपने छह महीने के बेटे को फर्श पर पटकने का आरोप लगा है. बता दें, गंभीर रूप से घायल बच्चे को समय पर इलाज नहीं मिल सका और अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई. वहीं घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है. 

सास-बहू के विवाद के बीच भड़का पति

यह मामला कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लुपुंग गांव का बताया जा रहा है. बच्चे की मां निराली कुमारी के अनुसार, 25 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे उनका अपनी सास कांति देवी के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया था. दोनों के बीच कहासुनी चल रही थी, तभी निराली के पति आकाश कुमार भी वहां पहुंच गए. 

आरोप है कि विवाद के दौरान आकाश इतना गुस्सा हो गया कि उसने बेड पर सो रहे अपने छह महीने के बेटे अंश कुमार को उठा लिया. इसके बाद वह बच्चे को कुएं की ओर बने ढलान वाले फर्श पर ले गया और उसे पटक दिया और हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. 

मां लगाती रही अस्पताल ले जाने की गुहार

बच्चे के घायल होने के बाद उसकी मां ने पति से उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की अपील की है. आरोप है कि आकाश ने बच्चे का इलाज कराने से इनकार कर दिया. इसके बाद निराली ने एक अज्ञात व्यक्ति की मदद ली और घायल बेटे को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया. मां बच्चे को लेकर रांची के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई। रिम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया. 

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की जानकारी मिलने के बाद कटकमसांडी थाना पुलिस ने बच्चे की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भी गुस्सा है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here