नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसने हर किसी का दिल जीत लिया है। इंडिगो की फ्लाइट में क्रू के तौर पर तैनात बेटी श्वेता पांडे को पहले से पता था कि उसके पिता आज उसी प्लेन में सफर करने वाले हैं और उस दिन उनका जन्मदिन भी है। ऐसे में श्वेता ने अपने पापा के लिए एक यादगार सरप्राइज प्लान किया।
पापा के पैर छूकर लिया आशीर्वाद, गले लगकर बोला हैप्पी बर्थडे
जैसे ही श्वेता के पापा फ्लाइट में एंट्री करते हैं, बेटी यूनिफॉर्म में सामने आ जाती है। वह झुककर पापा के पैर छूकर आशीर्वाद लेती है और फिर गले लगकर जोर से कहती है – हैप्पी बर्थडे पापा।
पापा के चेहरे पर एक बड़ी मुस्कान आ जाती है, लेकिन वह हैरान भी हैं। उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उनकी बेटी इसी फ्लाइट में क्रू मेंबर है। वह पहली बार अपनी बिटिया को असली यूनिफॉर्म में देख रहे थे, उनकी आंखें भर आईं।
हमें आप पर गर्व है – कार्ड पढ़कर आर्मी पापा हुए इमोशनल
सरप्राइज यहीं खत्म नहीं हुआ। श्वेता ने पापा को एक हाथ से लिखा कार्ड गिफ्ट किया। कार्ड पर लिखा था – हैप्पी बर्थडे पापा, हमें आप पर गर्व है। आपने इस देश के तिरंगे को हमेशा गर्व के साथ ऊंचा रखा। हमें खुशी है कि आप हमारे साथ सफर कर रहे हैं। भगवान आपको हमेशा फिट रखें।
कार्ड के शब्दों से साफ है कि श्वेता के पिता आर्मी बैकग्राउंड से हैं। श्वेता ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में भी बताया कि उनका सपना भी फौज में जाने का था। पापा ने देश की सेवा की और अब बेटी आसमान में देश की सेवा कर रही है।
पापा को सच में नहीं पता था मैं फ्लाइट में हूं – 18 लाख व्यूज पार
श्वेता ने इंस्टा पर लिखा, उन्हें सच में नहीं पता था कि मैं फ्लाइट में हूं और उन्होंने मुझे पहली बार इंडिगो की असली यूनिफॉर्म में देखा। बीते 24 घंटों में यह वीडियो 18 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। श्वेता UAE, ईस्ट अफ्रीका, इंडोनेशिया और सिंगापुर जैसी इंटरनेशनल फ्लाइट्स कर चुकी हैं और अपनी रील्स के लिए काफी फेमस हैं।
ये लम्हा खास है – इंटरनेट बोला, इसीलिए बिल भरते हैं
यूजर्स इस वीडियो को खूब प्यार दे रहे हैं। कमेंट सेक्शन में लिखा है – हम अपना इंटरनेट बिल इसीलिए भरते हैं। किसी ने लिखा यह एक सुखद लम्हा है तो कोई बोला गर्व से भर देने वाली यादें। एक यूजर ने लिखा यह इंटरनेट का सबसे प्यारा साइड है। सच में, एक बेटी का अपने आर्मी पापा के लिए यह सम्मान पूरे देश के लिए प्राउड मोमेंट बन गया है।












