नई दिल्ली: ड्रग्स तस्करी की अंतहीन और खौफनाक दुनिया में हिंसा तथा क्रूरता की कोई सीमा नहीं होती। मैक्सिको के कुख्यात ड्रग कार्टेल से जुड़े ऐसे ही कई रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे अमेरिका के पूर्व एफबीआई (FBI) एजेंट स्कॉट पेन ने किए हैं। लगभग दो दशक तक कानून प्रवर्तन तंत्र से जुड़े रहे और अंडरकवर एजेंट के रूप में काम कर चुके पेन ने अपनी किताब ‘कोडनेम पेल होर्स’ और ‘डेली स्टार’ को दिए इंटरव्यू में बताया कि ड्रग माफिया अपने साथ धोखा करने वालों या माल चुराने वालों को किस कदर खौफनाक सजा देते हैं। मैक्सिको के पुराने संगठित अपराध समूहों में शामिल गल्फ कार्टेल से जुड़े मामलों में अक्सर अपहरण की घटनाएं सामने आती थीं।
ड्रग्स तस्करी की आड़ में अपहरण का धंधा
गल्फ कार्टेल के तत्कालीन प्रमुख ओसिएल कार्डेनास गिलेन ने हिंसक लॉस जेटास संगठन की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई थी। पेन के मुताबिक, पीड़ित परिवारों की शिकायत पर पहले यह जांच होती थी कि मामला ड्रग्स या पैसों के लेन-देन से जुड़ा है या नहीं।
एक मामले में अमेरिका तक ड्रग्स पहुंचाने वाले तीन युवकों की कार से एक लाख डॉलर गायब होने पर कार्टेल ने उनका अपहरण कर लिया। बाद में परिजनों से सौदेबाजी के बाद उन्हें रिहा किया गया।
क्या है ‘एल गिसो’
कार्टेल के माल या पैसों की चोरी करने वालों के लिए सजा का तरीका बेहद वीभत्स होता था। पेन ने एक घटना का वर्णन करते हुए बताया कि चोरी के आरोपी व्यक्ति के हाथ या उंगलियां काटकर उसे एक बड़े ड्रम में डाल दिया जाता था।
इसके बाद एसिड या डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल करके उसे जिंदा जला दिया जाता था। इस भयानक प्रक्रिया को ‘El Guiso’ यानी ‘द स्ट्यू’ कहा जाता था, जिसका सीधा मतलब पीड़ित को जिंदा जलाकर उसका सूप बना देना था। पेन के मुताबिक, यह वीभत्स तरीका सिर्फ मैक्सिकन कार्टेल तक सीमित नहीं था, बल्कि टेक्सास सिंडिकेट नामक जेल गैंग भी ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल रहा है।
भूखे शेरों के सामने डालना और शारीरिक प्रताड़ना
कार्टेल द्वारा सजा देने के अन्य तरीकों का जिक्र करते हुए पूर्व एफबीआई एजेंट ने बताया कि एक कार्टेल के पास एक पालतू शेर था, जिसके पिंजरे के नीचे इंसानी हड्डियां पाई गई थीं। पूछने पर कार्टेल के लोग उन हड्डियों को मुर्गे की बताते थे, लेकिन वे वास्तव में इंसानी अवशेष थे और उस शेर का इस्तेमाल लोगों को जिंदा खिलाने के लिए किया जाता था। इसके अलावा सिर पर ईंट से हमला करना, शरीर को जलती हुई सिगार से दागना, बिजली के झटके देना और यौन हिंसा के माध्यम से प्रताड़ित करना कार्टेल के दैनिक हथकंडों में शामिल था। यह खौफनाक दास्तानें दर्शाती हैं कि ड्रग माफिया की दुनिया में पैसे और नियंत्रण के लिए किस हद तक दरिंदगी की जाती है।












