वायर्ड या वायरलेस, किस चार्जिंग से बैटरी रहेगी ज्यादा सेफ? चार्ज करने से पहले जान लें ये बात

0
9
Wired or Wiredless charging which is better
Pinterest

नई दिल्ली: आज के समय में हर कोई अपने फोन को जल्दी और आसानी से चार्ज करना चाहता है। इसके लिए बाजार में दो ऑप्शन हैं पहला वायर्ड और वायरलेस चार्जिंग। एक तरफ वायरलेस चार्जिंग बिना तार के झंझट के फोन चार्ज करने की सुविधा देती है, तो दूसरी तरफ वायर्ड चार्जिंग को सालों से तेज और भरोसेमंद माना जाता है। लेकिन बैटरी की सेहत के लिहाज से कौन सा बेहतर है, क्या आप जानते है? 

वायर्ड चार्जिंग की ताकत

वायर्ड चार्जिंग में केबल के जरिए सीधे बिजली फोन तक पहुंचती है। इसमें एनर्जी का नुकसान बहुत कम होता है, इसलिए फोन तेजी से चार्ज होता है। आजकल कंपनियां 67W, 100W और 120W तक की फास्ट चार्जिंग दे रही हैं, जिससे फोन मिनटों में फुल हो जाता है।

लेकिन तेज चार्जिंग का एक नुकसान गर्मी भी है। बता दें, ज्यादा वॉट की चार्जिंग से फोन का तापमान बढ़ जाता है। अगर फोन लगातार गर्म होता रहेगा तो लिथियम-आयन बैटरी की क्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है। इसलिए हमेशा कंपनी का ओरिजिनल और अच्छी क्वालिटी का चार्जर इस्तेमाल करना चाहिए।

वायरलेस चार्जिंग कितनी सेफ है?

वायरलेस चार्जिंग में इलेक्ट्रोमैग्नेटिक इंडक्शन से चार्ज ट्रांसफर होता है। इसमें केबल लगाने की जरूरत नहीं, बस फोन को पैड पर रखते ही, आपका फोन चार्ज होने लगता है। साथ ही यह दिखने में भी काफी प्रीमियम और सुविधाजनक लगता है। हालांकि हीट इसकी सबसे बड़ी कमी है। चार्जिंग के दौरान काफी एनर्जी गर्मी में बदल जाती है। अगर फोन पैड पर ठीक से नहीं रखा है, तो गर्मी और ज्यादा बढ़ जाती है। कई बार वायरलेस चार्जिंग में फोन वायर्ड के मुकाबले ज्यादा गर्म हो जाता है, जो रोजाना इस्तेमाल पर बैटरी लाइफ को नुकसान पहुंचा सकता है।

तो क्या करें?

अगर आपकी प्राथमिकता बैटरी की लंबी उम्र है, तो वायर्ड चार्जिंग बेहतर ऑप्शन है, क्योंकि इसमें हीट को कंट्रोल करना आसान है। वायरलेस चार्जिंग को कभी-कभार या ऑफिस डेस्क पर इस्तेमाल के लिए रख सकते हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, असली फर्क टेक्नोलॉजी से ज्यादा आपके इस्तेमाल के तरीके से पड़ता है। फोन को 100% पर घंटों तक चार्जर पर न छोड़ें, उसे ज्यादा गर्म होने से बचाएं और सस्ते-नकली चार्जर से दूर रहें। वहीं 20 से 80 प्रतिशत के बीच चार्ज रखना बैटरी के लिए सबसे अच्छा माना जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here