जमशेदपुर के दोमुहानी में खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, झारखंड की कैबिनेट मंत्री की बेटी समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत

0
6
Jamshedpur Car-Truck Crash
X @Mukesh_TNIE

रांची: झारखंड के जमशेदपुर जिले के दोमुहानी इलाके में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी भी शामिल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर परखच्चे-परखच्चे हो गई। जानकारी के मुताबिक, दोमुहानी के पास एक तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से जा टकराई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

मंत्री की बेटी की भी हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू किया। शुरुआती जांच में सामने आया कि हादसे में कार में सवार चारों यात्रियों की मौत हो चुकी है, जिनमें मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी भी शामिल हैं। इस खबर के सामने आते ही झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। मंत्री के परिवार और करीबियों ने गहरा दुख जताया है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी सोशल मीडिया पर इस दर्दनाक हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मंत्री की बेटी के निधन पर संवेदना प्रकट की। पुलिस फिलहाल हादसे की परिस्थितियों की जांच में जुटी है।

छात्र आंदोलन में सक्रिय रही थीं मंत्री दीपिका

गौरतलब है कि रांची में JPSC-JSSC छात्रों के प्रदर्शन के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सरकार की ओर से छात्रों से संवाद किया था और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने की बात कही थी। उन्होंने प्रशासन से आंदोलनकारियों पर बल प्रयोग न करने की अपील भी की थी। इसी क्रम में 17 अगस्त को उन्होंने रांची सदर अस्पताल पहुंचकर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का अनशन जूस पिलाकर खत्म कराया था, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी भी मौजूद थे। हालांकि प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज के विरोध में आंदोलनकारियों ने मंत्री दीपिका सहित कुछ अन्य मंत्रियों के पुतले भी फूंके थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here