बंगाल की खाड़ी के तूफान का असर, यूपी-बिहार समेत 11 राज्यों में IMD का अलर्ट, भारी बारिश-आंधी की चेतावनी

0
7
today weather 26 September
Pinterest

नई दिल्ली: देशभर में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। भारत मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिणी आंतरिक ओडिशा के ऊपर बने डिप्रेशन के असर से देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कुल 11 राज्यों में तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है, साथ ही 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में अगर आप कहीं यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो निकलने से पहले मौसम का ताजा हाल जरूर जान लें।

मौसम विभाग के मुताबिक, यह डिप्रेशन दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिणी ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों में सक्रिय है और उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ आगे बढ़ रहा है। अगले 12 घंटों तक इसकी तीव्रता बनी रहने की संभावना है, जिसके बाद यह कमजोर पड़कर कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। IMD ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हरियाणा और दिल्ली में हल्की से भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसी के साथ मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की आशंका भी जताई है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की स्थिति भी बन सकती है।

दिल्ली में भी दिखेगा असर

राजधानी दिल्ली में आज बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका है। IMD के मुताबिक, यहां 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 27 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है, और यह सिलसिला 28 सितंबर तक भी जारी रह सकता है।

यूपी में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर और उन्नाव समेत कई जिलों में पहले से ही भारी बारिश हो रही है, और मौसम विभाग ने आज इसे और तेज होने की चेतावनी दी है। पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है, साथ ही गरज-चमक के साथ आंधी की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश का दौर 30 सितंबर तक जारी रह सकता है। पश्चिमी यूपी में 27 से 29 सितंबर तक, जबकि पूर्वी यूपी में 27 से 30 सितंबर तक बारिश की संभावना बनी हुई है।

बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, लखनऊ, बाराबंकी, मुरादाबाद और संभल समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, बहराइच और कानपुर नगर समेत कई इलाकों में अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए राहत एजेंसियों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बिहार-उत्तराखंड में भी अलर्ट

बिहार में आज गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है, जहां करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राज्य में यह बारिश 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक जारी रहने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड के देहरादून, पिथौरागढ़ और नैनीताल समेत कई जिलों में भी आज भारी बारिश का अलर्ट है, जो 28 सितंबर तक बना रह सकता है।

मध्य प्रदेश और झारखंड में भी सतर्कता

मध्य प्रदेश में पूर्वी हिस्सों में आज कहीं-कहीं बेहद भारी बारिश हो सकती है, और 25 से 27 सितंबर के बीच यहां व्यापक बारिश का अनुमान है। इसके बाद 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक भी यह सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में 29-30 सितंबर को बारिश की संभावना है।

झारखंड में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। रांची मौसम केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक, गुरुवार रात से ही गहरे दबाव क्षेत्र के छत्तीसगढ़ की तरफ बढ़ने के कारण राज्य में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। हालांकि उन्होंने राहत की बात बताते हुए कहा कि शनिवार से बारिश की तीव्रता कम होने लगेगी और 27 सितंबर से मौसम में सुधार आने की उम्मीद है। फिलहाल IMD ने लोहरदगा, लातेहार, गुमला और सिमडेगा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 14 जिलों में येलो अलर्ट लागू है। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में अचानक बाढ़ आने की भी चेतावनी दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here