बटाला: पंजाब के बटाला स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में नशे की खौफनाक लत ने एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह उजाड़ दिया। नशा करने से रोकने और पैसे न देने पर एक सिरफिरे शख्स ने अपनी ही पत्नी और 12 साल की मासूम बेटी को तेजधार हथियार से बेरहमी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर के बाहर ताला लगाकर फरार हो गया।
इस दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी डर का माहौल बन गया। मृतकों की पहचान 40 साल की बबली और उसकी 12 साल की बेटी तमन्ना के रूप में हुई है, जो सातवीं कक्षा की छात्रा थी। मृतका के भाई शेरा और विजय ने बताया कि उनका जीजा जसविंदर मसीह कोई काम-धंधा नहीं करता था और पूरी तरह नशे का आदी हो चुका था। परिवार करीब एक साल पहले ही किराए के मकान में इस कॉलोनी में रहने आया था।
नशे के लिए करता था मारपीट
परिजनों के मुताबिक, आरोपी नशे की पूर्ति के लिए आए दिन बबली से मारपीट करके उससे पैसे छीन लेता था, जबकि बबली मोहल्ले के घरों में काम करके अपनी बेटी की पढ़ाई और घर का खर्च चला रही थी। बबली और तमन्ना अक्सर जसविंदर को नशा करने से रोकती थीं, जिसकी वजह से घर में लगभग रोज ही झगड़ा होता रहता था। शुक्रवार को भी जसविंदर और बेटी तमन्ना के बीच काफी कहासुनी हुई थी, जिसकी जानकारी तमन्ना ने फोन पर अपने ननिहाल वालों को दी थी।
ताला देख जताई गई आशंका
शनिवार सुबह जब परिजनों ने बबली को फोन किया, तो किसी ने जवाब नहीं दिया। अनहोनी की आशंका होने पर मायके वाले तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लटका हुआ है। शक होने पर उन्होंने ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया, तो सामने का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे के अंदर बबली और तमन्ना के शव खून से लथपथ पड़े हुए थे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी फरार
घटना की खबर मिलते ही डीएसपी सिटी सुखइंद्र सिंह पुलिस बल के साथ सिविल लाइन थाने की टीम लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपी जसविंदर मसीह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है, और पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।












