नई दिल्ली: नशे के काले कारोबार से करोड़ों की संपत्ति खड़ी करने वाले ड्रग तस्करों के खिलाफ आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने नरेला थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए महिला ड्रग तस्कर पार्वती के ठिकाने से 56 लाख 69 हजार 500 रुपये नकद 355 ग्राम सोने के आभूषण 161 ग्राम चांदी के आभूषण और चार संपत्ति दस्तावेज बरामद किए हैं। दिल्ली पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान डीसीपी शोभित डी सक्सेना ने बताया कि बरामद नकदी आभूषण और संपत्ति के कागजात नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित अपराध की कमाई से जुड़े हैं। यह कार्रवाई एफआईआर संख्या 617/26, दिनांक 23 सितंबर 2026, धारा 21/25/29 एनडीपीएस एक्ट, थाना नरेला के तहत की गई है।
नशे के धंधे से बनाई दौलत, पुलिस ने खोला राज
पुलिस के अनुसार 23 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर न्यू सनोठ कॉलोनी बवाना स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर छापा मारा गया था। कार्रवाई के दौरान महिला आरोपी पार्वती पत्नी नियाज और उसके कथित बॉडीगार्ड विकास उर्फ शानू को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 939 ग्राम हेरोइन (स्मैक), 615 ग्राम मिलावटी पाउडर और 7 लाख 93 हजार 170 रुपये नकद बरामद हुए थे। मौके से एक टाटा हैरियर कार भी जब्त की गई। पूछताछ में पुलिस को कथित तौर पर पता चला कि पार्वती लंबे समय से बवाना और नरेला इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी थी। पुलिस के मुताबिक वह राजस्थान से नशीले पदार्थ मंगाकर इलाके में सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ी थी।
लॉकर खुला तो निकली नशे की कमाई
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने आरोपी पार्वती के बताए ठिकाने पर 28 सितंबर को जे.जे. कॉलोनी बवाना स्थित मकान में तलाशी ली। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती सामान बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार इसमें 56.69 लाख रुपये नकद, 355 ग्राम सोने के आभूषण, 161 ग्राम चांदी के आभूषण और चार प्लॉट/मकान से संबंधित रजिस्ट्री दस्तावेज शामिल हैं।पुलिस का कहना है कि यह बरामदगी नशीले पदार्थों के कारोबार से अर्जित धन को नकदी, सोने और अचल संपत्तियों में बदलने के कथित नेटवर्क को उजागर करती है। अब जांच एजेंसी आरोपी से जुड़ी अन्य संपत्तियों और बैंक खातों का भी पता लगाने में जुटी है।
राजस्थान तक पहुंची नशे के नेटवर्क की कड़ी
इस मामले में पुलिस ने 25 सितंबर को कथित सप्लायर साहेब खान उर्फ सोनू निवासी प्रतापगढ़ राजस्थान को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 265 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई। आरोपी की स्विफ्ट कार को भी जब्त किया गया है।
कुल बरामदगी ने खोली नशे के कारोबार की पूरी तस्वीर
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1.204 किलोग्राम हेरोइन 615 ग्राम मिलावटी पाउडर 64 लाख 62 हजार 670 रुपये नकद, 355 ग्राम सोने के आभूषण, 161 ग्राम चांदी के आभूषण और चार संपत्ति दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा एक टाटा हैरियर और एक स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब जांच का फोकस नशे के पैसे से खरीदी गई अन्य संपत्तियों, बैंक खातों और आर्थिक नेटवर्क तक पहुंचने पर है। संबंधित प्रावधानों के तहत अपराध की कमाई को फ्रीज और अटैच करने की कार्रवाई भी की जाएगी। यह पूरी कार्रवाई एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड की टीम ने इंस्पेक्टर गौरव चौधरी के नेतृत्व में की। टीम ने एसीपी ऑपरेशंस, आउटर नॉर्थ जिला के पर्यवेक्षण और डीसीपी आउटर नॉर्थ जिला की समग्र निगरानी में कार्रवाई को अंजाम दिया।











