रतिया: गांव चिम्मो में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रखते हुए श्री राम नाटक क्लब,चिम्मो द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामलीला एवं दशहरा पर्व का भव्य आयोजन 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक किया जाएगा। रामलीला का दिव्य मंचन प्रतिदिन सायंकाल गुरुद्वारा के समीप किया जाएगा,जबकि 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व परम्परागत हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया जाएगा।
नवीन अंदाज में रामलीला मंचन, धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों का दिया जाएगा संदेश
क्लब के डायरेक्टर अशोक जिंदल ने बताया कि इस बार रामलीला को नवीन एवं आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है,ताकि ग्रामवासी भगवान श्री राम के जीवन के पावन आदर्शों,उच्च संस्कारों एवं मर्यादा पुरुषोत्तम के जीवन मूल्यों से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का साधन नहीं,अपितु हमारी सनातन धार्मिक विरासत,सांस्कृतिक चेतना और नैतिक संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
सरपंच प्यारा लाल करेंगे ज्योति प्रचंड, गणमान्य लोग रहेंगे मौजूद
उन्होंने बताया कि रामलीला महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर ग्राम पंचायत चिम्मो के सरपंच प्यारा लाल जी मुख्य अतिथि के रूप में पधार कर ज्योति प्रचंड कर विधिवत रूप से रामलीला का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर कमेटी प्रधान हैप्पी सिंह,कैशियर बंटी सिंह,सुरजीत सिंह,इंदू,गुरप्रीत सिंह,दीपक कंबोज,हर्ष,जश्न कंबोज,कर्ण कंबोज सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहेंगे।
अशोक जिंदल की ग्रामवासियों से सपरिवार रामलीला में पहुंचने की अपील
अंत में क्लब डायरेक्टर अशोक जिंदल ने पुनः समस्त ग्रामवासियों व क्षेत्रवासियों से विनम्र अपील करते हुए कहा कि वे सपरिवार रामलीला में पधार कर भगवान श्री राम का आशीर्वाद प्राप्त करें और धर्म,संस्कार व मर्यादा के इस पावन आयोजन को सफल बनाएं।












