अफगानिस्तान में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक से मचा कोहराम, 9 लोगों की मौत, कई घायल

0
13

नई दिल्ली: रात के अंधेरे में सो रहे परिवार, अचानक आसमान से गिरते बम, और फिर मलबे से निकाले जाते मासूम बच्चों के शव। अफगानिस्तान के कुनार और हेलमंद प्रांत में एक बार फिर पाकिस्तानी विमानों की एयरस्ट्राइक ने ऐसा ही खौफनाक मंजर पैदा कर दिया है, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कुल 9 लोगों की जान चली गई है।

अफगान अधिकारियों के मुताबिक यह हमला कुनार प्रांत के शेल्टन जिले की चोगाम घाटी में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हुआ, जब एक सामान्य नागरिक के घर को निशाना बनाया गया। टोलो न्यूज की रिपोर्ट में स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस हमले में पांच लोगों की मौत हुई, जिनमें ज्यादातर बच्चे शामिल थे, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।

हेलमंद में भी हुई बमबारी

इसी तरह की घटना हेलमंद प्रांत के गरमसिर जिले के सफर इलाके में भी सामने आई है, जहां नागरिक घरों पर हवाई हमला किए जाने की बात कही जा रही है। हमलों की वजह से कुल तीन घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं। हमले के बाद स्थानीय लोग मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए, और घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस पूरी घटना के बाद स्थानीय स्तर पर पाकिस्तान के खिलाफ लोगों में गहरा गुस्सा देखा गया है।

तालिबान प्रवक्ता ने की कड़ी निंदा

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि पिछली रात पाकिस्तानी विमानों ने कुनार के चोगाम इलाके और हेलमंद के सफर क्षेत्र में नागरिक घरों पर बमबारी की। उनके मुताबिक इन हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 9 लोगों की जान गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हुए हैं।

मुजाहिद ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे एक आक्रामक और अपराधपूर्ण हरकत बताया। उनके अनुसार यह घटना सभी मान्य अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का सीधा उल्लंघन है। इस ताजा घटनाक्रम के बाद अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच पहले से चला आ रहा तनाव और गहरा गया है, और दोनों देशों के रिश्तों में खटास और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here