Flydubai Flight में बड़ी साजिश का शक! सह-पायलट ने इंजन की फ्यूल सप्लाई काटी और सऊदी रेगिस्तान में क्रैश कराने की कोशिश की

0
6

नई दिल्ली: फ्लाईदुबई की उस उड़ान में हुई घटना को लेकर अब एक और चौंकाने वाला दावा सामने आया है, जिसमें भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके ओमानी सह-पायलट हमाम अल-हमामी ने हमला किया था। एक इतालवी अखबार की जांच के आधार पर दावा किया गया है कि तेल अवीव में विमान को गिराने की कथित कोशिश नाकाम होने के बाद सह-पायलट ने विमान को सऊदी अरब के रेगिस्तान में क्रैश कराने की कोशिश की हो सकती है। ‘कोरिएरे डेला सेरा’ की जांच का हवाला देते हुए यनेट न्यूज ने बताया कि हमामी ने कैप्टन मच्छार पर कथित तौर पर क्रैश एक्स से कई वार किए।

इसके बाद उसने विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने ऐसा स्विच सक्रिय किया, जिससे कॉकपिट का दरवाजा खोला जा सका और यात्रियों को अंदर पहुंचने का मौका मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान विमान का ऑटोपायलट बंद कर दिया गया और विमान को तेजी से नीचे की ओर मोड़ दिया गया। बताया गया है कि करीब एक मिनट से भी कम समय में विमान लगभग 16 हजार फीट नीचे आ गया। जांचकर्ताओं को शक है कि यह विमान को सऊदी रेगिस्तान में गिराने की कोशिश हो सकती थी।

क्या इंजन की ईंधन सप्लाई भी काटी गई?

जांच में एक और गंभीर संभावना सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, सह-पायलट ने विमान के इंजनों तक पहुंचने वाली ईंधन सप्लाई बंद करने की कोशिश की हो सकती है। विमान के अंदर बने वीडियो देखने वाले दो बोइंग 737 कैप्टन ने इस संभावना पर ध्यान दिया। उन्होंने देखा कि उड़ान के दौरान अचानक केबिन की इमरजेंसी लाइटें जल उठीं। आम तौर पर उड़ान के बीच इन लाइटों का इस तरह सक्रिय होना सामान्य नहीं माना जाता।

जांच में कई सबूतों की हो रही पड़ताल

विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर विमान के इंजन या जनरेटर बंद हो जाएं तो मुख्य बिजली व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और विमान बैटरी पावर पर जा सकता है। इसी वजह से जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इंजन के फ्यूल कंट्रोल स्विच को ‘रन’ से ‘कटऑफ’ की स्थिति में किया गया था। जांच में यात्रियों के बयान, क्रू की रिपोर्ट, एयरपोर्ट कर्मचारियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल से मिली जानकारी के साथ उड़ान के दौरान बनाए गए वीडियो और दूसरे डेटा का भी विश्लेषण किया जा रहा है।

वहीं, पूछताछ में हमामी के कथित बयान ने मामले को और गंभीर बना दिया है। रिपोर्ट के अनुसार उसने विमान को इजरायल में गिराने की इच्छा जताई थी और कहा था कि उसे मौत का डर नहीं था। यूएई अधिकारियों ने भी इस घटना को कथित आतंकी कार्रवाई से जोड़ा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here