दो करोड़ के 543 मोबाइल बरामद, 311 मालिकों के हाथों में लौटाई ‘खोई खुशी’

0
6

मथुरा: गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश में जुटी मथुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल और विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने तकनीकी संसाधनों की मदद से 543 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस अब तक 311 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप चुकी है, जबकि शेष 232 मोबाइल फोन भी जल्द उनके मालिकों को सुपुर्द किए जाएंगे।

 CEIR पोर्टल और सर्विलांस की मदद से मोबाइल फोन किए गए ट्रेस

रविवार को एसपी क्राइम श्वेता यादव ने पुलिस लाइन में इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 मई से 30 सितंबर 2026 के बीच गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चलाया गया था। मोबाइल फोन को ट्रेस करने के लिए केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल की मदद ली गई। इसके अलावा सर्विलांस के जरिए मोबाइल फोन की लोकेशन और तकनीकी जानकारी जुटाकर उन्हें बरामद किया गया। दूसरे राज्यों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल की जानकारी मिलने पर संबंधित राज्यों की पुलिस से भी समन्वय किया गया।

 वृंदावन पुलिस ने सबसे ज्यादा 140 मोबाइल फोन किए बरामद

मोबाइल बरामदगी के मामले में वृंदावन थाना पुलिस सबसे आगे रही। पुलिस ने यहां से 140 मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा गोवर्धन थाना क्षेत्र से 72, पर्यटन थाना से 64, कोतवाली से 42, कोसीकलां से 39, जैत से 22 और हाईवे थाना क्षेत्र से 20 मोबाइल फोन बरामद किए गए। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों से भी गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

 मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर लौटी खुशी

लंबे समय से अपने मोबाइल फोन के मिलने का इंतजार कर रहे लोगों को पुलिस की कार्रवाई से राहत मिली है। पुलिस द्वारा मोबाइल सौंपे जाने के दौरान लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लोगों ने मोबाइल बरामद कर उन्हें वापस दिलाने के लिए मथुरा पुलिस का आभार जताया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल बरामदगी अभियान की सफलता में सीईआईआर पोर्टल, तकनीकी सर्विलांस, सर्विलांस सेल की सक्रियता और थाना पुलिस के आपसी समन्वय की अहम भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here