वृंदावन: ज्योति भदवार उर्फ देवी इन्दुलेखा के साथ राधा केलि कुंज के बाहर अभद्रता और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। महिला ने अज्ञात महिला-पुरुषों पर दुर्व्यवहार करने और बाद में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पीड़िता ने वृन्दावन के रमणरेती चौकी में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
रमणरेती चौकी में दी गई तहरीर के अनुसार, तीन अक्तूबर को देवी इन्दुलेखा राधा केलि कुंज के बाहर मीडिया से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान कुछ अज्ञात महिला-पुरुष वहां पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने बिना किसी वजह के उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धक्का-मुक्की की। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद महिला ने खुद को मानसिक रूप से आहत और असहज महसूस करने की बात कही है।
लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी
देवी इन्दुलेखा ने आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों की ओर से उन्हें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी भी दी गई। धमकी के बाद उन्होंने अपनी जान-माल को लेकर आशंका जताई है। उनका कहना है कि इस तरह की धमकी को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है।
आरोपियों की पहचान और सुरक्षा की मांग
महिला ने पुलिस प्रशासन से घटना के वीडियो, सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की मांग की है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। पुलिस के स्तर से मामले की जांच की जा रही है। अब पुलिस के सामने चुनौती घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ ही धमकी दिए जाने के आरोपों की भी सत्यता जांचने की है।
Reported by: Prem Kaushik












