मथुरा: फरह थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और स्वाट टीम की बाबरिया गैंग के बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। परखम रोड स्थित नहर पुल के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
चोरी की घटनाओं में बाबरिया गैंग की संलिप्तता, सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, फरह क्षेत्र के कई गांवों में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। जांच के दौरान इन वारदातों में बाबरिया गैंग की संलिप्तता सामने आई थी। इसी बीच गुरुवार रात स्वाट टीम को सूचना मिली कि गैंग के दो सदस्य फरह क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना पर फरह पुलिस और स्वाट टीम ने परखम रोड पर नहर पुल के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
बाइक सवारों ने की फायरिंग, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल
इसी दौरान बाइक से आए दो युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। दोनों ने पुलिस पर गोली चला दी और भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों घायल होकर गिर पड़े। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के दौसा निवासी सुनील और संजू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों वर्तमान में मथुरा के मगोर्रा क्षेत्र में रह रहे थे।
तमंचे, कारतूस व चोरी की पायजेब बरामद, पूछताछ जारी
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो तमंचे, पांच कारतूस, वारदात में प्रयुक्त बाइक, चोरी की दो जोड़ी पायजेब और 10,700 रुपये बरामद हुए। घायल होने के कारण दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और फरह क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
Reported By: Prem Kaushik












