नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के देवरिया से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने सिर्फ शराब के लिए पैसे न मिलने पर अपने बुजुर्ग पिता की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। बता दें, यह वारदात सुरौली थाना क्षेत्र के बहोरवा गांव से सामने आई है।
गांव निवासी रामअवतार राय के बेटे सुनील उर्फ सत्तू ने पिता से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। इस दौरान पिता ने पैसे देने से मना किया तो दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि गुस्से में आकर सुनील ने गाली-गलौज शुरू कर दी और घर में रखे लकड़ी के मुगदर से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
पिता की मौत से परिवार में कोहराम
गंभीर चोट लगने से रामअवतार राय खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन और ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
आदतन शराबी था आरोपी
ग्रामीणों के मुताबिक सुनील शराब का आदी है। वह अक्सर शराब के लिए पैसों को लेकर घर में झगड़ा और मारपीट करता था। परिवार कई बार उसे समझा चुका था, लेकिन उसने शराब नहीं छोड़ी। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी की तलाश जारी
मामले पर सीओ बरहज रंजना सचान ने बताया कि सूचना मिली थी कि बहोरवा गांव में बेटे ने शराब के पैसे न मिलने पर पिता पर हमला कर दिया। घायल को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।











