शराब छोड़ने की दवा से नाराज था पति, पत्नी की हत्या कर दो मासूम बच्चों को शव के साथ कमरे में किया बंद

0
5

रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर में रीना हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी की हत्या के आरोप में उसके पति धर्मेंद्र सैनी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था। उसकी पत्नी रीना यह आदत छुड़ाने के लिए उसे खाने-पीने की चीजों में छिपाकर दवा देती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में धर्मेंद्र ने कथित तौर पर सिलबट्टे से हमला कर रीना की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह अपने दोनों बच्चों को कमरे में शव के साथ बंद करके फरार हो गया था।

यह घटना रामपुर जिले के भूबरा मुस्तेहकम गांव के मजरा सीतारामपुर की है। पुलिस के अनुसार, धर्मेंद्र नरपतनगर में कीटनाशक की दुकान चलाता है। रविवार शाम दुकान बंद करने के बाद वह घर पहुंचा था। इसी दौरान पत्नी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसने सिलबट्टे से रीना के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

कमरे में बंद थे दोनों मासूम बच्चे

हत्या के बाद आरोपी दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर वहां से निकल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का ताला तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद रीना के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए और तस्वीरें व वीडियो भी तैयार किए।

स्वार कोतवाली प्रभारी अनुपम शर्मा के मुताबिक, पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर धर्मेंद्र को धनौरी में सेंट मैरी स्कूल के सामने मुख्य मार्ग से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या की वजह शराब छुड़ाने के लिए दी जाने वाली दवा को लेकर हुआ विवाद बताया।

भाई की शिकायत पर हत्या का मुकदमा

रीना के भाई शुभम सैनी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। रीना और धर्मेंद्र की शादी 30 नवंबर 2021 को हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here