गुवाहाटी: असम की राजधानी गुवाहाटी से हत्या की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है. यहां एक युवक पर अपनी पत्नी की हत्या करने और शव के टुकड़े कर उन्हें घर में छिपाने का आरोप लगा है. पुलिस को महिला का शव फ्लैट से मिला, जबकि उसका सिर फ्रिज में एक पॉलिथीन बैग के अंदर रखा हुआ था. मामला सामने आने के बाद फरार आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया.
आरोपी की पहचान 30 वर्षीय रामानुज गोस्वामी के तौर पर हुई है. पुलिस के मुताबिक, मृतका का नाम 25 वर्षीय रिया तालुकदार था. दोनों की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी और वे गुवाहाटी के हाटीगांव थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में साथ रहते थे.
कुछ महीने पहले ही हुई थी शादी
स्थानीय लोगों को कपल के फ्लैट से लगातार तेज बदबू आने पर शक हुआ. बताया गया कि दोनों पिछले करीब दो दिनों से दिखाई नहीं दिए थे और उनके मोबाइल फोन भी बंद थे. इसके बाद स्थानीय निवासियों ने हाटीगांव पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. फ्लैट का दरवाजा खोलने की कोशिश की गई, लेकिन अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़कर प्रवेश किया. अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई.
पुलिस को फ्लैट के अंदर रिया का क्षत-विक्षत शव मिला. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसकी कुछ उंगलियां भी कटी हुई थीं. शव से सिर गायब था और वह सड़ना शुरू हो चुका था. इसके बाद पुलिस ने पूरे फ्लैट की तलाशी ली, जिसके बाद रिया का सिर फ्रिज में एक पॉलिथीन बैग में मिला. शुरुआती अनुमान है कि हत्या शव मिलने से करीब 24 से 48 घंटे पहले हुई होगी.
आरोपी ने पुलिस के सामने किया सरेंडर
पुलिस ने शव और सिर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, घटना के बाद से फरार चल रहे पति रामानुज गोस्वामी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है.
हत्या क्यों की, अभी साफ नहीं
पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है. आरोपी के सरेंडर करने की परिस्थितियों की भी जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे क्या कारण था और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं. मामले की जांच जारी है.












