दिवाली पर मिठाई मांगना पड़ा भारी, गिफ्ट्स का ऐसा लगा अंबार कि घर छोड़कर भागा इन्फ्लुएंसर, वीडियो वायरल

0
12

नई दिल्ली: तमिलनाडु के मदुरई में रहने वाले इन्फ्लुएंसर वीरामणि की एक छोटी सी गलती ने उन्हें बड़ी मुसीबत में डाल दिया। दिवाली पर फॉलोअर्स से मिठाई मांगने की उनकी अपील इतनी भारी पड़ी कि उन्हें अपना घर छोड़कर भागना पड़ा और कुछ दिन तो कब्रिस्तान में भी गुजारने पड़े। आज उनकी कहानी सोशल मीडिया से लेकर न्यूज चैनलों तक चर्चा में है।

दरअसल, करीब एक हफ्ते पहले वीरामणि ने अपने फॉलोअर्स से दिवाली की मिठाई भेजने की अपील की थी। इसके लिए उन्होंने अपना फोन नंबर और घर का पता भी सार्वजनिक कर दिया। उन्हें लगा कि जैसे पहले फॉलोअर्स ने केरल घूमने के लिए उनकी आर्थिक मदद की थी, वैसे ही इस बार भी लोग मिठाइयां भेजेंगे। लेकिन इस बार फैंस ने मजाक को हद से आगे बढ़ा दिया।

COD पर आने लगे महंगे ऑर्डर

लोगों ने मिठाई के बजाय महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान ऑर्डर करने शुरू कर दिए, वो भी कैश ऑन डिलीवरी (COD) पर। यानी सामान वीरामणि के घर पहुंचा और पैसा उन्हीं से मांगा जाने लगा। वीरामणि ने बताया कि उनके घर टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और स्मार्टफोन जैसे सामान आने लगे, जो उन्होंने कभी ऑर्डर ही नहीं किए थे। उन्होंने एक वीडियो में बिल भी दिखाया, जिसमें एक टीवी की कीमत 1.69 लाख रुपये थी और उस पर उनका ही नाम और पता लिखा था।

परेशान होकर वीरामणि ने एक और वीडियो बनाकर अपनी गलती मानी और लोगों से ऐसा न करने की अपील की, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर दावों के मुताबिक, शरारती लोगों ने हद पार करते हुए JCB मशीन और 70 करोड़ रुपये के मिलिट्री टैंक तक का ऑर्डर उनके पते पर कर दिया। पड़ोसियों के अनुसार, स्विगी और जोमैटो के डिलीवरी बॉय भी खाने के ऑर्डर लेकर उनके घर पहुंचते रहे।

घर में ताला लगाकर फरार

लगातार आ रहे इन फर्जी ऑर्डर से तंग आकर वीरामणि ने घर पर ताला लगाया और कहीं और चले गए। कुछ समय उन्होंने कब्रिस्तान में भी बिताया, लेकिन जब लोग वहां भी पहुंचने लगे तो वे बसों में घूम-घूमकर दिन काटने लगे। बताया जाता है कि इंस्टाग्राम पर वीरामणि के करीब 4 लाख फॉलोअर्स हैं। फिलहाल वे कहां हैं, इसकी पुख्ता जानकारी नहीं है, लेकिन वे हर कुछ घंटों में नया वीडियो डालकर अपना अपडेट दे रहे हैं। यह घटना सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने के खतरों का बड़ा उदाहरण बन गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here