नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के करावल नगर इलाके में पारिवारिक आर्थिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पैसों को लेकर उपजे विवाद के बाद भतीजे की हत्या के मामले में करावल नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
नॉर्थ ईस्ट जिला डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि 7 अक्टूबर की रात करीब 11:22 बजे शहीद भगत सिंह कॉलोनी स्थित गली नंबर-5 एमसीडी टोल टैक्स के पास एक व्यक्ति को धारदार हथियार से घायल किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी करावल नगर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल हिमांशु उर्फ जीत (35) को परिजन जग प्रवेश चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
मामले में 8 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीमों ने लगातार प्रयास कर आरोपी हरीश कुमार शर्मा (45) को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि मृतक और उसके चाचा के बीच पारिवारिक आर्थिक विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान हरीश ने धारदार हथियार से हिमांशु पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस की बरामदगी और कार्रवाई
आरोपी की निशानदेही पर एक तलवार मोबाइल फोन और वारदात के दौरान इस्तेमाल किए गए कपड़े बरामद किए गए हैं। आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है और वह घोषित बदमाश भी नहीं है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। इस कार्रवाई थाना प्रभारी करावल नगर के नेतृत्व में गठित टीम ने एसीपी खजूरी खास यतिन शर्मा के पर्यवेक्षण में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
Reported By: Pankaj Rai












