नई दिल्ली: रामलीला का उल्लास, जय श्रीराम के जयकारे और आस्था का सैलाब… ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा का जिम्मा दिल्ली पुलिस ने अपने कंधों पर संभाल लिया है। रामलीला स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ के बीच किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आयोजन को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिले ने सुरक्षा का मजबूत घेरा तैयार किया है। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव की निगरानी में रामलीला स्थलों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। नियमित गश्त और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाते हुए पुलिस की टीमें यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि श्रद्धालु बिना किसी भय के रामलीला का आनंद ले सकें।
आस्था के उत्सव में सुरक्षा का मजबूत पहरा
रामलीला के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिसकर्मी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में मुस्तैदी से तैनात रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि आयोजन के दौरान शांति और व्यवस्था कायम रहे। डीसीपी आकांक्षा यादव के नेतृत्व में उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की टीमें सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं। पुलिस का उद्देश्य स्पष्ट है—आस्था के इस पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और रामलीला के आयोजनों को सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना।
संदेश साफ है—उत्सव बेखौफ सुरक्षा में कोई चूक नहीं!
दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। रामलीला के मंच पर जहां बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश गूंज रहा है, वहीं मैदान के बाहर खाकी का पहरा लोगों की सुरक्षा का भरोसा मजबूत कर रहा है।
Reported By: Pankaj Rai












