नई दिल्ली: दुर्गा पूजा की रौनक के बीच बिहार की राजधानी पटना से सटे इलाके में गोलियों की आवाज ने सबको दहला दिया। पुलिस पूरे राज्य में अलर्ट रहने का दावा कर रही थी, लेकिन इसी बीच मनेर में बदमाशों ने पैक्स अध्यक्ष की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात में प्रखंड प्रमुख के पति भी घायल हुए हैं। त्योहार के माहौल में हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
दशहरा मेले के पास चली गोलियां
जानकारी के मुताबिक, मनेर के व्यापुर में बदमाशों ने पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ भालू को निशाना बनाया। गोलीबारी के दौरान उन्हें बचाने के लिए प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार आगे आए, तो अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि दो बाइक पर सवार चार अपराधी व्यापुर की बिचली गली में डेयरी के पास पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। वारदात के बाद वे गली के रास्ते ही भाग निकले। पास में लगे दशहरा मेले में गोलियों की आवाज सुनते ही भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर तक पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गांव में पसरा मातम
जहां कुछ देर पहले तक दशहरे का उत्साह था, वहीं घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सन्नाटा छा गया। गांव में मातम का माहौल है और लोग सदमे में हैं। मेले की रौनक अचानक डर और सन्नाटे में बदल गई। परिजन और ग्रामीण इस हत्या से बेहद आहत हैं। ग्रामीणों के अनुसार, संजीव कुमार दो भाइयों में छोटे थे और उनका एक बेटा है। वे करीब पांच साल पहले पैक्स अध्यक्ष बने थे। उनके पिता भी 20 साल तक को-ऑपरेटिव के अध्यक्ष रहे थे। यह परिवार शुरू से ही राजनीति से जुड़ा रहा है, इसलिए इलाके में उसकी अच्छी पहचान थी।
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य व नमूने इकट्ठा किए। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दानापुर 2, एके झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। अभी तक हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और अपराधियों की तलाश की जा रही है। त्योहार के मौसम में हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, और लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।












