नई दिल्ली: मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता और पूर्व भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने सोमवार को कांग्रेस जॉइन कर ली। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में उन्हें उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और चकराता विधायक प्रीतम सिंह भी मौजूद रहे। रामशरण नौटियाल ने कुछ दिन पहले ही भाजपा से इस्तीफा दिया था। उन्होंने पार्टी पर सम्मान न देने और सार्वजनिक तौर पर अपमान करने का आरोप लगाया था।
12 साल भाजपा में रहे, अब बताई छोड़ने की वजह
रामशरण नौटियाल पिछले 12 साल से भाजपा से जुड़े हुए थे। पार्टी छोड़ने की वजह पर उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति उस जगह को आसानी से नहीं छोड़ता, जहां उसने इतने साल काम किया हो। उन्होंने कहा, “जहां व्यक्ति काम करता है, वहां उसे सम्मान मिलना चाहिए। अगर सम्मान नहीं मिलता तो दूरी बन जाती है।” उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा खुद जाकर नहीं सौंपा, बल्कि स्टेनोग्राफर के जरिए भिजवाया था। पिछले महीने से ही उनकी नाराजगी खुलकर सामने आ रही थी।
Delhi: Singer Jubin Nautiyal’s father, Ramsharan Nautiyal, joins the Congress at the AICC Office https://t.co/ePa6NGMvwK
— IANS (@ians_india) October 19, 2026
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से थी तनातनी
भाजपा छोड़ने के पीछे उन्होंने सीधे तौर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से विवाद का जिक्र किया था। नौटियाल ने कहा था कि उनके पार्टी छोड़ने की वजह प्रदेश अध्यक्ष से ही पूछी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी दो-तीन लोगों के इशारे पर चलेगी, तो शिकायत भी नेतृत्व से ही होगी। उनका कहना था कि सामान्य शिष्टाचार यही है कि हर व्यक्ति के साथ सम्मान से पेश आया जाए, लेकिन उन्हें ऐसा सम्मान नहीं मिला।
‘मंचों पर हुआ अपमान’
रामशरण नौटियाल ने आरोप लगाया कि उन्हें सार्वजनिक मंचों पर अपमानित होना पड़ा। उन्होंने कहा, “मैंने अपने लिए सरकार से कभी कुछ नहीं मांगा। मैं हमेशा अपने क्षेत्र के लिए मांग उठाता रहा। कुछ मांगें पूरी हुईं, कुछ नहीं हुईं, लेकिन मेरे अपने ही लोग हर बात का विरोध करते रहे। जब मैंने अपने लिए कुछ मांगा ही नहीं, तो अपमान क्यों सहूं।”
अब कांग्रेस में शामिल होने के बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि उत्तराखंड में आगामी चुनावों से पहले उनका कांग्रेस में आना पार्टी के लिए अहम हो सकता है।
Reported By: Pankaj Rai












